धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 16 अप्रैल। मगरलोड जनपद क्षेत्रान्तर्गत चार नवीन कृषि सहकारी साख समिति राजपुर, छोटी करेली, मुलगांव एवं नवागांव का शुभारंभ मुख्यमंत्री द्वारा वर्चुअल माध्यम से किया गया। इन नवीन समितियों में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने किसानों के समक्ष कार्यालय भवन का उद्घाटन किया।
नवागांव में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जनपद अध्यक्ष विरेन्द्र साहू ने कहा कि सहकारी साख समितियां किसानों के लिए आर्थिक आधार स्तंभ का कार्य करती हैं। इनके माध्यम से किसानों को सस्ती दरों पर ऋण, उन्नत बीज, खाद एवं कृषि संबंधी अन्य सुविधाएं सहज रूप से उपलब्ध होंगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में किसान हितैषी योजनाओं को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है। उन्होंने कहा कि मगरलोड क्षेत्र में चार-चार नई समितियों का उद्घाटन इस बात का प्रमाण है कि सरकार गांव, गरीब और किसान के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। यह पहल किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों एवं किसानों ने एकजुट होकर सहकारिता को मजबूत बनाने एवं क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में एके.मिश्रा रामआशरु साहू, रोहन तेलसी, देवशरण तेलसी, मोहन साहू, सुरेश चेलक, नाथुराम साहू, परमेश्वर निर्मलकर, बालेश्वर साहू सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए।


