धमतरी

धमतरी जिला कांग्रेस के शपथ ग्रहण में तीनों सीट जीतने का संकल्प
11-Apr-2026 6:08 PM
धमतरी जिला कांग्रेस के शपथ ग्रहण में तीनों सीट जीतने का संकल्प

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 11 अप्रैल। धमतरी जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने जिला एवं ब्लॉक संगठन में हुई ताजपोशी के बाद सभी को नियुक्ति पत्र के साथ औपचारिक रूप से पदभार सौंपा। उन्होंने अपनी टीम को जिले की तीनों विधानसभा सीट जीत प्रदेश से लेकर केन्द्र में सरकार बनाने तक चैन से नहीं बैठने का टास्क दिया।

 शुक्रवार को राजीव भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में जिलाध्यक्ष तारणी नीलम चन्द्राकर ने दो वर्तमान व पूर्व विधायक एवं वरिष्ट पार्टी नेताओं की मौजूदगी में जिला महामंत्री अरविंद दोशी को संगठन महामंत्री बनाए जाने की घोषणा की। इसके बाद जिला कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त पदाधिकारियों सहित जिले के 9 ब्लॉक अध्यक्षों को नियुक्ति पत्र के साथ औपचारिक रूप से पदभार सौंपा गया। सभी नवनियुक्त कांग्रेस नेताओं ने अपने अपने पदों की शपथ ली और संगठन को मजबूत करने, जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने तथा जनहित में संघर्ष करने का संकल्प लिया।  इस मौके पर जिला अध्यक्ष ने बूथ कमेटी की संगठनात्मक मजबूती पर जोर देते हुए धमतरी विधानसभा की तीनों सीट जीतकर पुन: प्रदेश और देश में कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए कमर कस के काम करने का लक्ष्य अपनी टीम को दिया।

 सिहावा विधायक अंबिका मरकाम कहा कि पार्टी की असली ताकत बूथ स्तर पर है, हर बूथ पर हमारे सक्रिय कार्यकर्ता होने चाहिए, जो जनता से सीधा संवाद करें। धमतरी विधायक ओंकार साहू ने कहा कि हमें व्यक्तिगत मतभेदों को भुलाकर पार्टी की विचारधारा और नेतृत्व के प्रति वफादारी निभानी होगी तभी हम सफल होंगे।

पूर्व विधायक लेखराम साहू, लक्ष्मी ध्रुव ने कहा कि हमें बीजेपी के नफरती एजेण्डा और विभाजक नीतियों के खिलाफ डटकर मुकाबला करना होगा। मोहन लालवानी, विजय देवांगन, विपिन साहू, आनंद पवार ने संगठन में नई ऊर्जा, विचारों के लिए युवाओं और महिलाओं को प्राथमिकता देने की वकालत की। जिला पंचायत सदस्य नीलम चंद्राकर ने आधुनिक संचार तकनीक का उपयोग करके अपनी बात घर-घर तक पहुंचाने पर जोर देते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संबंध बनाए रखना होगा। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ कांग्रेस नेता स्व. पंकज महावर के प्रति दो मिनट का मौन रख श्रद्धांजलि दी गई।।


अन्य पोस्ट