धमतरी

कुल्हाड़ी में चला बुलडोजर, 26 अतिक्रमण हटाए गए
11-Apr-2026 4:38 PM
कुल्हाड़ी में चला बुलडोजर,  26 अतिक्रमण हटाए गए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 11 अप्रैल। शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए प्रशासन द्वारा सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी के तहत राजस्व, पंचायत एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने कुरूद विकासखंड के ग्राम कुल्हाड़ी में व्यापक कार्रवाई करते हुए बुलडोजर की मदद से कुल 26 अवैध अतिक्रमणों को हटाया।

बताया गया है कि सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर उसे आमजन के उपयोग हेतु सुरक्षित रखने तथा ग्रामों में सुव्यवस्थित विकास सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को कुरूद विकासखंड के ग्राम कुल्हाड़ी में कुछ लोगों द्वारा किये गए बेजा कब्जे पर बुलडोजर चलाया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई गाँव में लंबे समय से शासकीय भूमि पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ की गई, जिसमें पक्के निर्माण, दीवारें तथा घेराबंदी शामिल थे।

प्रशासन की टीम ने पूर्व में संबंधित अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर समझाइश दी थी, जिसके परिणामस्वरूप अधिकांश लोगों ने स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने में सहयोग किया। इस वजह पूरी कार्रवाई बिना किसी विवाद और तनाव के शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सकी। कुरूद तहसीलदार सूरज बंछोर ने बताया कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मौके पर नायब तहसीलदार श्रीराम सिन्हा, बिरेंझर चौकी प्रभारी अजय सिंह, सरपंच सुमित्रा साहू सहित राजस्व, पंचायत एवं पुलिस विभाग का अमला मौजूद था।


अन्य पोस्ट