धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 3 अप्रैल। कृषि क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन किसानों तक आधुनिक कृषि तकनीकों की पहुंच सुनिश्चित करने की योजना पर काम शुरू कर दिया है। जिले में ‘सहकारिता से समृद्धि’ के उद्देश्य को धरातल पर उतारने कलेक्टर की मौजूदगी में ड्रोन तकनीक से खेती में दवा छिडक़ाव का डेमोस्ट्रेशन किया गया।
मिडिल ईस्ट में चल रही जंग में ड्रोन तकनीक से एक दूसरे के देश में बम धमाके कर जनधन की हानि करने वाली यह आधुनिक तकनीक सृृजन और अन्न उत्पादन को बढ़ावा देने का काम कर रही है। इसका एक नजारा शुक्रवार को धमतरी कलेक्टोरट परिसर में देखा गया। यहाँ आयोजित डेमोस्ट्रेशन में तकनीकी टीम ने कलेक्टर एवं अन्य अधिकारियों को खेती में ड्रोन के उपयोग की बारीकियों को विस्तार से समझाया गया। ड्रोन के जरिए कीटनाशक और उर्वरकों के छिडक़ाव की प्रक्रिया को प्रत्यक्ष दिखाया गया, जिससे कम समय में अधिक क्षेत्र में सटीक और किफायती कार्य संभव है।
इस दौरान कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने अधिकारियों को इसे व्यापक स्तर पर लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में सीएससी के माध्यम से हर समिति को तकनीकी रूप से सशक्त किया जाएगा, ताकि किसानों को आधुनिक संसाधनों का सीधा लाभ मिल सके।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि नई तकनीकों को अपनाना समय की मांग है। ड्रोन तकनीक से खेती में लागत घटेगी और उत्पादकता बढ़ेगी। हमारा प्रयास है कि धमतरी का हर किसान आधुनिक कृषि से जुड़े और समृद्ध बने।


