धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 2 अप्रैल। नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पूरे भक्ति भाव के साथ राम भक्त वीर हनुमान की जयंती मनाई गई। जिसके तहत कुर्मी पारा, पुराना बाजार, पचरीपारा, बस स्टैंड, विद्युत केन्द्र आदि स्थानों की बजरंग मंदिरों में विषेश पूजा अर्चना के साथ हनुमान चालीसा और सुन्दर कांड का पाठ किया गया।
गुरुवार को सुबह बजरंग मंदिर में कुर्मी पारा के लोगों ने विशेष पूजा अर्चना की। पुराना बाजार स्थित दक्षिण मुखी हनुमान की महा आरती की गई। इसी तरह पचरीपारा, बस स्टैंड, विद्युत केन्द्र आदि स्थानों की बजरंग मंदिरों में विषेश पूजा अर्चना के साथ हनुमान चालीसा और सुन्दर कांड का पाठ किया गया। ग्राम पंचायत चर्रा में भी हनुमान जयंती पर भव्य आयोजन किया गया है। नगर में भी शोभायात्रा, प्रसादी वितरण,भंडारा का आयोजन किया गया है। गाँधी चौक में सिन्हा परिवार द्वारा प्राण प्रतिष्ठा सहित विविध आयोजन किया गया। हनुमान सेवा समिति से जुड़े मालक राम साहू, मनीष साहू, प्रकाश धीवर, यतिश चन्द्राकर, गोकुल साहू आदि ने बताया कि हर साल की तरह समिति द्वारा कारगिल चौक में प्रसादी वितरण किया जाएगा।
हनुमान जन्मोत्सव पर बस स्टैंड भोजनालय ढाबा संचालकों के माध्यम से भोजन भंडारा एवं सुंदरकांड, हनुमान चालीसा का आयोजन रखा गया है। विद्युत सब स्टेशन में स्थित मंदिर में पूजा अर्चना और भजन संध्या की तैयारी की गई है। बजरंग ब्वायज क्लब एवं ग्रामवासियों द्वारा सुबह 10 बजे से हनुमान प्रकट्य दिवस पर पूजा आरती, हनुमान चालीसा पाठ, वट वृक्ष चबूतरा निर्माण भुमिपूजन, महायज्ञ, महाप्रसादी और शाम 5 बजे से झांकी विशाल शोभायात्रा निकाली जायेगी। संरक्षक कृपाराम यादव ने बताया कि चर्रा के पुरानी बस्ती डोलहापारा में वट वृक्ष के नीचे स्थापित हनुमान जी की पौराणिक पाषाण मूर्ति के पास ही नवनिर्मित मंदिर निर्माण कर संगमरमर की पंचमुखी पवन पुत्र, शंकर सुबम केसरीनंदन, विष्णु अंश, सूर्यदेव शिष्य की मुर्ति स्थापित किया गया है। जहाँ सुबह-शाम आरती, श्रीराम स्तुति, हनुमान चालीसा पाठ होता है। उन्होंने सभी भक्तों से हनुमान जन्मोत्सव के कार्यक्रम में सहभागी बनने का आग्रह किया है ।


