धमतरी
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
कुरुद, 1 अप्रैल। कुरुद सोसाइटी में चना खरीदी का मामला एक बार फिर विवादों में घिर गया है। किसानों ने ग्रेडिंग के नाम पर पैसे और शराब की मांग करने का आरोप लगा जमकर हंगामा मचाया। तो घबरा कर नैफेड के लोग मौके से गायब हो गए, तब सहकारी समिति ने अपनी जिम्मेदारी पर सभी किसानों का करीब दो हज़ार कट्टा चना एक ही दिन में खरीद लिया। तब किसानों का गुस्सा शांत हुआ।
धमतरी जिला प्रशासन ने इस बार कुरुद क्षेत्र की दो सहकारी समिति कातलबोड और कुरुद में क्षेत्रीय किसानों की चना फसल खरीदने के लिए अधिकृत किया है। इसके लिए नैफेड को क्रियान्वयन एजेंसी बनाया गया है। लेकिन चना खरीदने के लिए उक्त कर्मचारियों द्वारा ग्रेडिंग के नाम पर अवैध उगाही करने की शिकायत होने लगी।
मीडिया में सुर्खियां बनने के बाद कुछ दिनों मामला शांत रहा, लेकिन बुधवार को फिर कुरुद सोसाइटी में नैफेड के दो लोग ग्रेडिंग के नाम पर चना खरीदने से हिला हवाला करने लगे। जिससे गुस्साए किसान बेकाबू होने लगे। किसानों का गुस्सा देख चना पास करने वाले दोनों कर्मचारी चुपके से खिसक गए।
विनय चन्द्राकर, राधे चन्द्राकर, रमेश्वर साहू, अजय चन्द्राकर, कामदेव साहू, बल्लू पाड़े, भरत साहू, अभिलाषा चन्द्राकर, किशन निषाद, बल्ला चंद्राकर, रामप्यारे साहू, कल्लू सिन्हा, हिरेश सिन्हा, पुष्कर चंद्राकर, भोज, संतोष चंद्राकर, हेमन्त सिन्हा आदि किसानों ने खरीदी व्यवस्था को लेकर जमकर हंगामा मचाया।
कुछ किसानों का कहना है कि यहाँ पदस्थ कुछ कर्मचारी चना पास करने के लिए पैसे और शराब मांगते है, नहीं देने पर ढेर की खरीदी नहीं की जाती। इस तरह की शिकायत पहले भी सामने आई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई के अभाव में कुछ दिनों बाद फिर से वही खेल शुरू हो गया। जिसको लेकर इस बार किसान उग्र हो गये। तब सोसाइटी अध्यक्ष प्रभात बैस, प्रबंधक त्रिलोचन बांसकार एवं ग्राम सेवक की उपस्थिति में सभी ढेर की खरीदी की गई।
किसानों का कहना है कि प्रशासन ने जिन्हें ग्रेडिंग का अधिकार दिया है उनके पास कोई आईडेंटी कार्ड नहीं था, स्थानीय प्रतिनिधि या क्षेत्रीय कर्मचारी नहीं होने से किसानों का शोषण का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे लोग पैसा कमाने के लिए दस में से एक ढेर को पास और बाकी को फेल कर रहे हैं। खून पसीने से सींच कर उपजाई फसल को बेचने हमें अवैध तरीके से धन खर्च करना पड़ रहा है।
कुछ किसानों ने मौके से ही कलेक्टर और एसडीएम को जानकारी दी। जिस पर उन्हें जांच और कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया।
कुरुद सोसायटी प्रबंधक त्रिलोचन बांसकार ने बताया कि उच्चधिकारियो के निर्देश पर बुधवार को करीब 2 हजार कट्टा चना खरीदा गया है। 31 मार्च तक कुरुद में 3990 कट्टा चने की खरीदी कर ली गई है।


