धमतरी

अटल स्टेडियम कुरुद में बाइक की रोशनी में खिलाड़ी कर रहे अभ्यास
28-Nov-2026 7:09 PM
अटल स्टेडियम कुरुद में बाइक की रोशनी में खिलाड़ी कर रहे अभ्यास

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 28 नवंबर। नगर के खेल मैदानों और अटल बिहारी वाजपेयी स्टेडियम में प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी से खिलाडिय़ों और सुबह टहलने वालों को परेशानी हो रही है। पूर्व मंत्री और विधायक अजय चंद्राकर के कार्यकाल में क्षेत्र में खेल ढांचे के विकास पर करोड़ों रुपए खर्च किए गए थे, जिनमें अटल बिहारी वाजपेयी स्टेडियम में लगभग दस करोड़ रुपए की लागत से बनाई गई सुविधाएं भी शामिल हैं।

 बास्केटबॉल का पक्का मैदान होने के बावजूद प्रकाश व्यवस्था न होने से खिलाड़ी बाइक की रोशनी में अभ्यास कर रहे हैं, जबकि शाम को टहलने वाले लोगों को मोबाइल टॉर्च का सहारा लेना पड़ता है। क्रिकेट खिलाडिय़ों द्वारा स्वयं के खर्च पर मैदान तैयार करने, बैडमिंटन खिलाडिय़ों द्वारा मरम्मत और बिजली बिल का खर्च उठाने तथा वॉलीबॉल खिलाडिय़ों द्वारा खुद के खर्च से मिट्टी का मैदान तैयार करने की बात कही गई है।

वॉलीबॉल खिलाडिय़ों को दिए गए पुराने बैडमिंटन हॉल में बुनियादी सुविधाओं की कमी बताई गई है, वहीं बैडमिंटन के नए इनडोर भवन में बारिश के दौरान पानी भरने की समस्या सामने आई है। इसके अलावा मैदान में आवारा मवेशियों के प्रवेश, गंदगी और अन्य आयोजनों को लेकर भी खिलाडिय़ों द्वारा आपत्ति दर्ज कराए जाने का उल्लेख है।

जानकारी के अनुसार, खेल मैदान के रखरखाव की जिम्मेदारी पहले खेल एवं युवा कल्याण विभाग को दी गई थी, जो अब फिर से स्थानीय निकाय के पास है। खिलाडिय़ों और नागरिकों को मैदान में समुचित प्रकाश और रखरखाव व्यवस्था की आवश्यकता महसूस हो रही है।


अन्य पोस्ट