धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 17 मार्च। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आव्हान पर मनरेगा बचाओ संग्राम सहित प्रदेश के जनहित से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर धमतरी जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर के नेतृत्व में जिले के सैकड़ों कांग्रेसी नेता छत्तीसगढ़ विधानसभा का घेराव करने रायपुर रवाना हुए।
ज्ञात हो कि पीसीसी के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत 17 मार्च को विधानसभा घेराव का ऐलान किया गया था। जिसके तहत धमतरी जिला अध्यक्ष तारणी नीलम चन्द्राकर की अगुआई में सौ से अधिक वाहनों में सवार कांग्रेसी नेताओं का काफिला विधानसभा घेराव में शामिल होने रायपुर रवाना हुआ। सांधा चौक कुरूद में गाडिय़ों को राजधानी के लिए रवाना करते खड़ी चन्द्राकर ने कहा कि केन्द्र से लेकर राज्य सरकार की करतूतों ने देश और प्रदेश में हाहाकार मचा रखा है, लेकिन भाजपा नेता सत्ता में बैठ मलाई खा रहे हैं।
मनरेगा, अफीम, एलपीजी, छात्राओं की सुरक्षा जैसे मुद्दों को लेकर प्रदेश सरकार को जगाने के लिए हमने छत्तीसगढ़ विधानसभा घेराव का निर्णय लिया है। जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, पार्टी अध्यक्ष मोहन मरकाम जैसे दिग्गज नेता शामिल होगें। धमतरी जिला एवं कुरूद विधानसभा से भी सैकड़ों कांग्रेसी रायपुर रवाना हुए है। जिसमें कुरुद ब्लाक अध्यक्ष महिम शुक्ला, जिला पंचायत सदस्य नीलम चंद्राकर, कविता बाबर, पूर्व जनपद अध्यक्ष शारदा लोकनाथ साहू, रमेश्वर साहू, जानसिंह यादव, होमेन्द साहू, शारदा देवी, राजू साहू, डीहूराम साहू, राजेन्द्र साहू, लकेश्वर साहू, नारद साहू, पन्नू सिन्हा, बिट्टू गौर, पप्पू राजपूत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी शामिल हैं।


