धमतरी

केन्द्रीय दल ने मौरी, भरदा में चना बीज उत्पादन का लिया जायजा
17-Mar-2026 7:43 PM
केन्द्रीय दल ने मौरी, भरदा में चना बीज उत्पादन का लिया जायजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 17 मार्च। आत्मनिर्भरता दलहन मिशन कार्यक्रम के तहत बीज उत्पादन प्लॉट का केन्द्रीय दल द्वारा निरीक्षण किया गया। टीम ने कुरूद ब्लॉक के कुछ गाँवों में लगे चना फसल का खेतों में जाकर चना फसल के क्लस्टर प्रदर्शन, बीज उत्पादन कार्यक्रम और फसल कटाई प्रयोग का अवलोकन किया।

मंगलवार को कुरूद विकासखण्ड के ग्राम मौरीखुर्द पहुंचे केन्द्रीय दल ने यहां 50 हेक्टेयर क्षेत्र में लगाए गए चना के क्लस्टर प्रदर्शन का निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर किसानों के साथ चर्चा कर उन्हें उपलब्ध कराई गई सामग्री, बुआई की तकनीक और फसल प्रबंधन के संबंध में जानकारी ली, साथ ही ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी द्वारा संधारित दस्तावेजों का निरीक्षण कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त की। इसके बाद दल ने ग्राम भरदा में चना फसल के बीज उत्पादन कार्यक्रम का अवलोकन किया। यहां कृषक लेखराज चन्द्राकर एवं बीज प्रबंधक आरए दोहरे से बीज उत्पादन प्रक्रिया और प्रबंधन से संबंधित जानकारी ली।

भ्रमण के दौरान उप संचालक कृषि के माध्यम से केन्द्रीय दल ने कलेक्टर धमतरी से भेंट कर जिले में दलहन फसलों के विस्तार पर चर्चा की। इस दौरान उड़द और मूंग फसल के प्रदर्शन कार्यक्रमों की जानकारी भी साझा की गई। बताया गया कि विगत तीन वर्षों में जिले में दलहन क्षेत्र में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वर्ष 2023-24 में चना का क्षेत्र 6675 हेक्टेयर था, जो बढक़र 2025-26 में 18210 हेक्टेयर तक पहुंच गया है। पूर्व में 8 समितियों के माध्यम से 2212 कृषकों का 20646.50 क्विंटल चना की खरीदी की गई। वर्तमान में 11 समितियों के माध्यम से 4925 कृषकों का 5949.31 हेक्टेयर क्षेत्र में पंजीयन किया गया है। केन्द्रीय दल ने इस दिशा में प्रयास जारी रखने पर जोर दिया।


अन्य पोस्ट