धमतरी

बोनस वितरण से पहले बैंक अध्यक्ष ने ली सहकारिता की बैठक
27-Feb-2026 8:44 PM
बोनस वितरण से पहले बैंक अध्यक्ष ने ली सहकारिता की बैठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 27 फरवरी। कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत कुरुद विकासखंड के 44807 किसानों को आदान सहायता राशि वितरण से पहले जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक रायपुर के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा ने समिति अध्यक्ष, प्रबंधकों एवं बैंक अधिकारियों की बैठक लेकर बोनस वितरण को सुव्यवस्थित स्वरूप देने के निर्देश दिए।

कुरुद कॉपरेटिव बैंक में कुरूद विकासखंड के सहकारिता विभाग एवं समिति अधिकारियों की बैठक लेकर जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक रायपुर अध्यक्ष निरंजन सिन्हा ने बताया कि 28 फरवरी को कुरुद मंडी में कृषक उन्नति योजना के तहत कुरुद विकासखंड की 29 समितियों में पंजीकृत 44807 किसानों को 158 करोड़ 30 लाख 55 हज़ार रुपये का बोनस वितरण किया जाएगा। इसके लिए सभी समितियों को अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई है।

बैठक में अध्यक्ष श्री सिन्हा ने ऋण निति में हुए बदलाव, माइक्रो एटीएम, सीएससी संचालन, एवं सौर ऊर्जा के लिए लोन देने के फैसले की जानकारी देते हुए इस बात को किसानों के बीच पहुंचाने एवं अन्य विभागीय योजनाओं का प्रचार प्रसार करने की बात कही।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को धान उठाव सहित अन्य जरूरी सुधार के  निर्देश दिए। बैठक में सहकारिता सीईओ जेके. नंदा, शाखा प्रबंधक टिकेन्द्र बैस, प्राधिकृत अधिकारी चंद्रप्रकाश साहू, प्रभात बैस, थानेश्वर साहू, विकास साहू,  समिति प्रबंधक तिलोचन बांसकार, दुर्गेश बैस, लेखराम साहू, चन्द्रकुमार, विकास साहू, मेघराज, लोमन, नन्दु साहू, गुरुनरायन पाठक, लिनेश्वर बैस, रमेश देवांगन, पंकज पटेल आदि शामिल थे।


अन्य पोस्ट