धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 26 फरवरी। एआई सम्मिट दिल्ली में शर्टलेस प्रदर्शन करने के आरोप में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब एवं अन्य युकां नेताओं की गिरफ़्तारी के विरोध में विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष देवव्रत साहू के नेतृत्व में आक्रोशित युकांइयों ने नारेबाजी करते हुए कुरूद में पीएम का पुतला दहन का आयोजन किया।
पुराना बाजार चौक में आयोजित विरोध प्रदर्शन में युवा कांग्रेसियों ने केन्द्र सरकार पर तानाशाही और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर लोकतंत्र की हत्या करने का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री कंप्रोमाइज्ड लिखे पोस्टरों के साथ जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति अपराध नहीं संविधानिक अधिकार है, देश का डेटा अमेरिका को देने का विरोध करने वाले युवाओं को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है, हम मोदी सरकार की इस दमनकारी नीति की कड़ी निंदा करते है। देश की आज़ादी के लिए अंग्रेजों से लडऩे वाले कांग्रेसी लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। कांग्रेसी डरने वाले नहीं हैं हम सडक़ से लेकर कोर्ट तक लड़ेंगे, हमारे लिए देश, किसान, युवाओं का हित सर्वोपरि है।
कुरूद विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष देवव्रत साहू ने कहा कि एआई सम्मिट की अवस्थाओं, ट्रेंड डिल और एफ्सीटन फाइल से देश का ध्यान भटकाने मोदी सरकार युकां के प्रदर्शन को बढ़ा चढ़ा कर कांग्रेस को बदनाम करने की कोशिश में लगी है। जबकि सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन दुनिया में लोकतांत्रिक परंपरा का हिस्सा है, कॉमनवेल्थ गेम्स के समय यही भाजपा नेता दिल्ली की सडक़ों पर अर्धनग्न होकर विरोध प्रदर्शन किया था, तब युपीए सरकार ने किसी को नहीं पकड़ा था। लेकिन मोदी सरकार सवालों से डरकर आवाज़ दबाना चाहती है। युकां नेताओं की गिरफ्तारी इसी दमनकारी मानसिकता का प्रतीक है।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य नीलम चंद्राकर, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष महिम शुक्ला, होमेन्द्र साहू, तपन चंद्राकर, प्रमोद साहू, अध्यक्ष रामेश्वर साहू,आशीष शर्मा, रामनरायण यादव, खेलन साहू, बहुर साहू, तारेन्द्र साहू, लेखराम, पुष्पेंद्र साहू, गुरुदेव महिपाल, तुकेश साहू, यक्ष साहू, कुलेन्द्र साहू, धीरज चौहान, रूपेश चंद्राकर, उगेश्वर यादव, पंकज जोशी, होरीलाल, भागवत साहू आदि उपस्थित थे।


