धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 6 फरवरी। एसएससी जीडी भर्ती अंतर्गत शौर्य क्रीड़ा क्लब से प्रशिक्षण प्राप्त किये 6 युवक-युवतियों का अर्धसैनिक बलों में चयन हुआ है। चयनित जवानों के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें मगरलोड जनपद अध्यक्ष वीरेंद्र साहू जिपं सदस्य मीना डेमु साहू को अतिथि बनाया गया।
मगरलोड विकासखंड अंतर्गत शौर्य क्रीड़ा क्लब कुंडेल मधुबन धाम से प्रशिक्षण प्राप्त कर अब तक 62 युवक-युवतियां देश के विभिन्न सुरक्षा बलों में चयनित होकर देश सेवा कर रहे हैं। एसएससी जीडी भर्ती 2025-26 में यहाँ से प्रशिक्षण प्राप्त कर 6 युवक-युवतियों का अर्धसैनिक बलों में चयन हुआ है। जिसमें ग्राम खैरझिटी से धनेंद्र साहू एवं प्रमोद साहू का पैरामिलिट्री फोर्स में चयन हुआ है। अन्य चयनित जवान में राहुल ध्रुव, आशीष ध्रुव ग्राम भोथा, रोशन कश्यप ग्राम खिसोरा, पार्वती साहू ग्राम कुंडेल शामिल हैं।
जनपद अध्यक्ष वीरेंद्र साहू ने कहा कि इन सभी जवानों ने अपने परिवार, गांव, विकासखंड एवं जिले को गौरवान्वित किया है। और अब ये अर्धसैनिक बलों के रूप में देश की रक्षा का दायित्व निभाएंगे। कार्यक्रम में सरपंच दशोदा कौशल साहू, उपसरपंच मुकेश यादव, घनश्याम ध्रुव, हेमंत साहू, ऋषभ, भेषुराम, हेमनारायण साहू, प्रभात भोयर सहित ग्रामवासी उपस्थित थे।


