धमतरी

हैप्पीनेश इंडेक्स में कुरुद को टॉप करने, लाइफ स्टाइल बदलने की जरूरत-अजय
05-Feb-2026 7:48 PM
हैप्पीनेश इंडेक्स में कुरुद को टॉप करने, लाइफ स्टाइल बदलने की जरूरत-अजय

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 5 फरवरी। सरकारी खरीदी के तहत क्षेत्र के अधिक से अधिक किसानों का धान बिक सके इसके लिए मैं पिछले दो दिनों से धान कोचिये की तरह काम कर रहा हूँ, इसके लिए सभी सोसाइटी अध्यक्षों को काम पर लगने और संबंधित अधिकारियों को लालफीताशाही छोड़ लोगों की मदद का निर्देश दिया गया है। इसके बावजूद किसी की उपज न बिके तो मैं क्षमाप्रार्थी हूँ, उक्त बातें विधायक अजय चन्द्राकर ने कुरुद में नर्सिंग कॉलेज भवन के शिलान्यास समारोह में कही। उन्होंने यहाँ के हैप्पीनेश इंडेक्स के लिए तनाव मुक्त जीवन एवं लाईफ स्टाइल बदलने की जरूरत बताई।

गुरुवार को नगर पालिका कुरुद में पीजी कालेज के सामने केनाल रोड के पास बनने वाले नर्सिग कालेज का विधायक अजय चन्द्राकर ने सीजी एमएससी अध्यक्ष दीपक महस्के, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक रायपुर अध्यक्ष निरंजन सिन्हा, नपा अध्यक्ष ज्योति भानु चन्द्राकर, जिपं उपाध्यक्ष गौकरण साहू, जपं अध्यक्ष गीतेश्वरी साहू के साथ शिलान्यास किया। मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री श्री चन्द्राकर ने धान बेचने के लिए परेशान हो रहे क्षेत्रीय किसानों की मदद के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक नेतृत्व का काम सिर्फ निर्माण कार्यों का भूमिपूजन, लोकार्पण या कानून बनाने तक सीमित नहीं होता, नेता ऐसा हो जो लोगों के सुख दु:ख में सहभागी बने और अपने क्षेत्र का समावेशी विकास करें।

जनादेश का सम्मान करते हुए मैंने सदैव इस दिशा में काम किया, जिससे क्षेत्र शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सिंचाई जैसी बुनियादी सुविधाओं से लैस है, निर्माण कार्यों की मानसिकता से उबर सार्वजनिक जीवन में सक्रिय लोगों को आने वाली पीढ़ी के लिए अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने बेमतलब की बातों में आलोचना करने वालों को आइना दिखाते हुए कहा कि इसके लिए उन्हें मेरे से अधिक सोचने की जरूरत है। विधायक ने यह भी माना कि लोकतंत्र में आलोचना करने वाले दुश्मन नहीं होत बल्कि वे तो टानिक का काम करते हैं। उन्होंने युवा पीढ़ी को समझाया कि रोजगार का मतलब सरकारी नौकरी ही नहीं है, बल्कि क्षेत्र में स्थापित शिक्षा संस्थानों, वोकेशनल कोर्स की मदद से स्कील डेवलपमेंट कर स्वरोजगार से जुड़े, उद्यमिता के सहारे औरों को काम देने लायक बने।

श्री चन्द्राकर ने मंच पर बैठे जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक रायपुर अध्यक्ष निरंजन सिन्हा को बड़ा आदमी करार देते हुए कहा कि कुरुद विधानसभा की सभी सोसाइटियों में पैक्स का माडल एक्ट लागू कर मल्टीपर्पज यूज के लायक बनाने का टास्क दिया। उन्होंने जिला और जनपद के लोगों को जीराम जी के लिए अगले तीन साल के लिए कार्य योजना बना कर क्षेत्र का नक्शा बदलने की जिम्मेदारी सौपी।

नगर विकास के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि भौतिक विकास की चिंता मुझ पर छोड़ हैप्पीनेश इंडेक्स को टाप पर लाने का काम करें, इसके लिए तनाव मुक्त जीवन और लाइफ़ स्टाइल में बदलाव लाने की जरूरत है। इसके पूर्व सीजी एमएससी अध्यक्ष दीपक महस्के ने केंद्र और राज्य सरकार की मदद से स्वास्थ्य के क्षेत्र में होने वाले क्रांतिकारी बदलाव का उल्लेख करते हुए विधायक अजय चन्द्राकर की तारीफ में कई कशीदे पढ़े। आभार व्यक्त करते हुए नपा अध्यक्ष  चन्द्राकर ने नगर विकास में विधायक के योगदान को सराहा। इस अवसर पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।


अन्य पोस्ट