धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 1 फरवरी। धमतरी जिला अंतर्गत कुरूद पाली कंवर पैकरा समाज का वार्षिक सम्मेलन हुआ, जिसमें अतिथि स्वागत, प्रतिभा सम्मान, समाजिक प्रकरणों का निराकरण, आय-व्यय का विवरण एवं एकजुटता के साथ आगे बढऩे का संकल्प लिया गया।
कुरूद के पुरानी मंडी परिसर में शनिवार को कुरूद पाली आदिवासी कंवर पैंकरा समाज के कार्यक्रम में शामिल हुई नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चन्द्राकर का साफा पहना कर स्वागत किया गया।
मुख्य अतिथि की आसंदी से अपनी बात रखते हुए प्रथम नागरिक ने समाज के पदाधिकारियों और सदस्यों को बेहतरीन आयोजन के लिए बधाई देते हुए, युवा वर्ग को नशापान से दूर और शिक्षा के रास्ते पर चल राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की बात कही। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह आयोजन कंवर समाज के लिए एकता और अखंडता का मिसाल बनेगा।
श्रीमती चन्द्राकर ने बताया कि भाजपा ने इसी समाज के व्यक्ति को प्रदेश की कमान सौंप आदिवासी समुदाय के उत्थान का संकल्प जताया है। सरकार ने समाजहित मे विभिन्न निर्णय लिए जिसका लाभ योजनाओं के माध्यम से अंतिम तबके तक पहुँच रहा है। छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय प्रदेश के मुखिया होने के साथ साथ आदिवासी समाज और हमारी पार्टी के भी गौरव है। उनके सुशासन और क्षेत्रीय विधायक के मार्गदर्शन मे समाजिक, धार्मिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक कार्यों के माध्यम से नगर एवं क्षेत्रों का चहुंमुखी विकास किया जा रहा है। आदिवासी पैकरा कंवर समाज अपनी सरलता और सीधेपन के लिए पूरे देश में जाना जाता है, आप लोगो ने मेरा स्वागत-वंदन किया इसके लिए मैं कुरूद वासियों की ओर से समाज के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करती हूं।
इस अवसर पर समाजिक पदाधिकारी एवं आदिवासी समुदाय के लोग बडी़ संख्या में मौजूद थे।


