धमतरी

कुरूद से महिम शुक्ला सहित धमतरी जिला के नौ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष घोषित
15-Jan-2026 9:17 PM
कुरूद से महिम शुक्ला सहित धमतरी जिला के नौ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष घोषित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 15 जनवरी।
संगठन सृजन अभियान के तहत पहले तेज तर्रार महिला नेत्री के सर पर जिलाध्यक्ष का ताज रखने के बाद प्रदेश कांग्रेस ने धमतरी जिला के सभी नौ ब्लॉक कमेटियों में योग्य युवाओं को अध्यक्ष बनाया है। जिसमें कुरुद के महिम, भखारा-होमेन्द्र और मगरलोड से विनीत बाफना का नाम शामिल हैं।
 बुधवार को पीसीसी की अनुशंसा पर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट ने धमतरी जिले के 9 ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति की है। जिसमें जिलाध्यक्ष के गृह क्षेत्र कुरुद ब्लॉक में अब तक युंका की राजनीति करने वाले महिम शुक्ला को ब्लॉक संगठन का दायित्व सौंपा गया है।भखारा ब्लॉक से होमेन्द्र साहू और मगरलोड ब्लॉक से विनीत बाफना को अध्यक्ष बनाया गया है। इसी तरह जिला मुख्यालय में गौतम वाधवानी एवं योगेश शर्मा को संगठन प्रमुख बनाया गया है। धमतरी ग्रामीण से खिलेन्द्र ध्रुव, नगरी ब्लॉक से अनवर ररजा कुकरेल ब्लॉक से अखिलेश दुबे, बेलरगांव ब्लॉक से राजू सोम को अध्यक्ष बनाया गया है।
 जिले में ब्लॉक अध्यक्ष की नियुक्ति में एक को छोडक़र सभी नये चेहरों को मौका दिया गया है। इस बार कांग्रेस ने तुष्टिकरण की परवाह किये बिना टैलेंट को मौका देने का साहसिक निर्णय लिया है। चूंकि कांग्रेस देश और प्रदेश की मुख्य विपक्षी पार्टी है, इस नाते उसके समक्ष खुद को सत्ता हासिल करने लायक तैयार करने की चुनौती है। इसलिए सभी नवनियुक्त अध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्र में संगठन का विस्तार कर कारगर बनाने का रोल निभाना होगा। साथ ही गुटबाजी से भी ऊपर उठकर खुद को सत्ता पक्ष का विरोध करने लायक कार्यकर्ता बनाने की जिम्मेदारी निभानी होगी।


अन्य पोस्ट