धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 11 जनवरी। भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश संगठन में इस बार धमतरी जिला को खासा प्रतिनिधित्व दिया गया है। जिससे जमीनी कार्यकर्ताओं में हर्ष व्याप्त है। मगरलोड जनपद अध्यक्ष विरेंद्र साहू को कृषि उत्पाद बाजार प्रकल्प का प्रदेश सह संयोजक एवं भुसरेंगा के प्रगतिशील युवा कृषक हर्षवर्धन चंद्राकर को कार्यसमिति सदस्य नियुक्त किया गया है।
भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा प्रदेश संगठन को सशक्त करने की दिशा में धमतरी जिला के वरिष्ठ नेता विरेन्द्र साहू को कृषि उत्पाद बाजार प्रकल्प का प्रदेश सह संयोजक नियुक्त किया है।
श्री साहू किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष धमतरी के रूप में लगातार तीन कार्यकाल पूर्ण कर चुके हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने किसानों की समस्याओं को संगठन एवं शासन तक मजबूती से पहुंचाने, किसान हितैषी योजनाओं के प्रचार-प्रसार तथा संगठन विस्तार में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। उनके अनुभव, संगठनात्मक क्षमता एवं किसान हितों के प्रति समर्पण को देखते हुए प्रदेश नेतृत्व द्वारा उन्हें प्रदेश स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपा गया है। उनकी इस नियुक्ति से प्रदेश में कृषि उत्पादों के बेहतर विपणन, किसानों को उचित मूल्य दिलाने तथा कृषि आधारित नवाचारों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। मगरलोड जनपद अध्यक्ष विरेन्द्र साहू ने इस दायित्व के लिए प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ किसानों के हित में कार्य करेंगे और संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। इसी तरह कालेज में कृषि की पढ़ाई पूरी कर दुसरे की नौकरी करने की जगह ग्रामीणों को रोजगार देने के इरादे से अपने गाँव भुसरेंगा में ही
कृषि फार्म स्थापित कर मिट्टी से सब्जियों के रूप में सोना उपजाने वाले उन्नत कृषक हर्षवर्धन चंद्राकर को कार्यसमिति सदस्य नियुक्त किया गया है। साल भर दर्जनों मजदूरों को काम देने वाले हर्ष अब कृषि के क्षेत्र में अपने अनुभव से किसान मोर्चा में रहकर किसानों की तक़दीर बदलने का काम कर सकते हैं। इन दोनों की नियुक्ति पर क्षेत्र के किसान साथियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।


