धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 30 दिसंबर। ग्राम बानगर में मुस्कान क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में क्षेत्र की 34 टीमों ने भाग लेकर चौके छक्के लगा अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। 8 दिनों तक चली इस स्पर्धा के फाइनल मुकाबले में राजपुर-मगरलोड की टीम ने बानगर को हराकर प्रथम पुरुस्कार जीता।
कुरुद जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत बानगर में 21 से 29 दिसम्बर तक आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य आतिथ्य विधायक प्रतिनिधि भानु चन्द्राकर ने विजेता टीम को पुरूस्कार वितरण किया। जिसमें राजपुर ने प्रथम पुरूस्कार के रुप में 15 हजार नगद एवं शील्ड हासिल किया। गाँव की टीम ने द्वितीय और दोनर-धमतरी को तृतीय पुरूस्कार पर संतोष करना पड़ा। इस मौके पर मुख्य अतिथि श्री चन्द्राकर ने आयोजन की प्रसंशा करते हुए युवा साथियों और क्रिकेट प्रेमियों को बधाई दी।
उन्होंने गाँव गाँव में बनवाएं गये स्टेडियम और सरकार द्वारा खेलों इंडिया के तहत करवाये गये सांसद खेल महोत्सव का उल्लेख करते हुए कहा कि ग्रामीण स्तर पर होने वाले इन खेल आयोजन के माध्यम से क्षेत्रीय प्रतिभाओं को अपनी स्पोर्ट्स स्किल्ड निखारने का मौका मिलता है। विधायक प्रतिनिधि ने समाज में नशे के बढ़ते प्रभाव पर चिंता जताते हुए युवा साथियों से कहा कि कुछ असमाजिक तत्व छोटे से लाभ के लिए युवा वर्ग के रगों में नशे का जहर घोल रहे हैं। हमें ऐसे लोगों की पहचान कर उन्हें कानून के हवाले कर हमारे युवाओं और बच्चों को नशे के गिरफ़्त से बचाने का काम करना होगा। तभी क्षेत्र में खेल और शिक्षा के लायक वातावरण तैयार होगा, नशामुक्ति के बैगर आदर्श समाज का सपना साकार नहीं हो सकता। माँ बाप अपने बच्चों की दिनचर्या पर नजऱ रखें और उन्हें नशे से दूर और खेल और शिक्षा में ज़्यादा समय बिताने के लिए प्रेरित करें। तभी हम अपने लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं। इस अवसर पर सरपंच आनंद राम साहू, गैंदराम सेन, भूपेंद्र देवांगन, मेघराज साहू, लक्की सेन, सोनू पटेल, रेवा यादव, मोनू, भानु साहू आदि उपस्थित थे।


