धमतरी

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा ने सम्भाला कार्यभार
23-Dec-2025 4:05 PM
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा ने सम्भाला कार्यभार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरूद, 23 दिसंबर। कुरुद नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष निरंजन सिन्हा को प्रदेश सरकार ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित रायपुर का अध्यक्ष बनाया है। उन्होंने कल अपने सहयोगी उपाध्यक्ष अभिनेष कश्यप के साथ एक सादे  पर गरिमामयी कार्यक्रम के बीच विधिवत पदभार ग्रहण किया।

इस गौरवशाली पल के साक्षी बनने कुरुद विधानसभा के तमाम बड़े एवं अन्य जिलों के भाजपा नेताओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।

ज्ञात हो कि प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता निरंजन सिन्हा की ताजपोशी जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित रायपुर के अध्यक्ष पद पर की गई है। बैंक परिवार द्वारा पदभार ग्रहण समारोह के लिए जोरदार तैयारी की गई थी। लेकिन सहकारिता मंत्री केदार कश्यप की माता का निधन हो जाने की वजह से मंचीय कार्यक्रम को स्थगित कर सभागार में एक सादे से औपचारिक प्रोग्राम में पदभार ग्रहण की औपचारिकता पूरी की गई।

 रायपुर स्थित प्रधान कार्यालय में सोमवार को सर्वप्रथम अध्यक्ष निरंजन सिन्हा, उपाध्यक्ष अभिनेष कश्यप ने बैंक के संस्थापक, स्वतंत्रता सेनानी पं. वामन बलीराम लाखे की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर विधिवत रूप से अपने पद का कार्यभार ग्रहण किया। इस पल के साक्षी बने कुरुद, मगरलोड, भखारा क्षेत्र के कई बड़े भाजपा नेताओं का मानना है कि निरंजन सिन्हा की इस नियुक्ति के बाद कुरुद क्षेत्र की राजनीतिक फिंजा में बदलाव की बयार बह सकती है।

सभागार में स्वागत अभिनन्दन की औपचारिकता पूरी करने के बाद अपने प्रथम उद्बोधन में अध्यक्ष श्री सिन्हा ने कहा कि 15 वर्षों के बाद मुझे पुन: शासकीय दायित्व मिला है, जो दल के विश्वास, कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता की अपेक्षाओं का परिणाम है। जब मुझ जैसे किसी कार्यकर्ता को दायित्व मिलता है, तो वह केवल व्यक्तिगत जिम्मेदारी नहीं रह जाती, बल्कि उसे सौंपे गए विश्वास की परीक्षा बन जाती है, यह मेरे लिए केवल पद नहीं, बल्कि सेवा का संकल्प है।

 उन्होंने माना कि सहकारिता की असली ताकत किसान है। धान खरीदी केंद्रों से लेकर ऋण वितरण, भुगतान व्यवस्था और बैंकिंग सेवाओं तक किसानों को किसी भी स्तर पर परेशानी नहीं होनी चाहिए यह उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। इसके लिए अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ नियमित संवाद, फील्ड स्तर की समीक्षा और त्वरित निर्णय की कार्यसंस्कृति विकसित की जाएगी।

अध्यक्ष श्री सिन्हा ने कहा कि बैंक कर्मचारियों की समस्याओं को नजऱअंदाज़ कर कोई भी संस्था आगे नहीं बढ़ सकती। कर्मचारी संतुष्ट होंगे, तभी सेवा प्रभावी होगी। उनकी कार्यगत, प्रशासनिक और संरचनात्मक समस्याओं का समाधान भी हमारी जिम्मेदारी है। उपाध्यक्ष अभिनेष कश्यप ने किसानों की आर्थिक सशक्तता, पारदर्शिता और जनहितकारी बैंकिंग व्यवस्था को नई ऊर्जा देने की बात कही।

 

 बैंक की मुख्य कार्यपालिका अधिकारी अपेक्षा व्यास ने बताया कि अपने 73 बैंक शाखा, 550 सहकारी समितियों के माध्यम से 6 जिला 5 लोकसभा एवं 21 विधानसभा क्षेत्र के साढ़े 6 लाख किसानों तक सीधी पहुँच रखने वाले इस बैंक की पुंजी 8 से 9 हज़ार करोड़ रुपए की है। उन्होंने केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं को सहकरिता जगत में लागू करने एवं खाद-बीज, कृषि उपकरण वितरण, ऋण, बैंकिंग सेवा, धान खरीदी, भुगतान व्यवस्था जैसे सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन सुनीता शर्मा एवं  वरिष्ठ अधिकारी एसपी चंद्राकर ने आभार व्यक्त किया।

इस मौके पर विधायक मोतीलाल साहू, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष नेहरू निषाद, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गौकरण साहू, मगरलोड जनपद अध्यक्ष वीरेंद्र साहू, भखारा नपं अध्यक्ष ज्योति-हरख जैन, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रघुनंदन साहू, पूर्व जनपद अध्यक्ष श्याम साहू, सरपंच संघ अध्यक्ष हरिशंकर साहू, मंडल अध्यक्ष लोकेश साहू, व्यापारी संघ अध्यक्ष योगेंद्र सिन्हा, सोसाइटी अध्यक्ष प्रभात बैंस,शाखा प्रबंधक टिकेंद्र बैंस शत्रुघ्न साहू, नरेश सिन्हा, आसारात्रे, पंकज सिन्हा, रामगोपाल देवांगन, कालीदास सिन्हा, खिलेंद्र चंद्राकर विनोद चंद्राकर अशोक सिन्हा, विकास साहू, खूबलाल, भोला साहू, कर्मचारी फेडरेशन के मोहनलाल साहू, प्रदीप सोनी,मोतीलाल प्रधान, आईके ठाकुर, विनय यदु, किशोर ठाकुर, संजय साहू, सहित बड़ी संख्या में अधिकारी कर्मचारी एवं भाजपा  कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने आयोजन में रंग जमा दिया।।


अन्य पोस्ट