धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 21 दिसंबर। धमतरी जिला साहू समाज का अध्यक्ष बनने मालकराम साहू,गणेशराम साहू, लीलाराम, विजय, अवनेंद्र, लकेश्वर और राजेश साहू ने दावेदारी पेश की थी। लेकिन समन्वय समिति पदाधिकारियों व समाज के वरिष्ठ जनों ने एकता व संगठन को मजबूती प्रदान के लिए सभी प्रत्याशियों से सहमति प्राप्त कर समन्वय स्थापित कर अध्यक्ष सहित सभी पदाधिकारियों का चयन आम सहमति से कराया।
शनिवार को ग्राम तेलिनसत्ती साहू समाज भवन में प्रदेश पर्यवेक्षक खिलावन साहू रामकिशुन, पवन साहू व उनकी टीम के मार्गदर्शन में चुनाव पर्यवेक्षक व जिला मुख्य निर्वाचन अधिकारी संतराम साहू, सहायक निर्वाचन अधिकारी नंदकुमार साहू, भारतलाल साहू के निर्देशन में नियमानुसार मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। जिसमें पदाधिकारी व आजीवन सदस्यों के नाम का प्रकाशन, दावा आपत्ति, निराकरण, अंतिम प्रकाशन, नामांकन फार्म वितरण व जमा, जांच, दावा आपत्ति, नाम वापसी व अंतिम प्रकाशन किया गया।
इस बार धमतरी जिला अध्यक्ष बनने गणेशराम साहू, मालकराम, विजय, अवनेंद्र, लीलाराम, लकेश्वर, राजेश साहू ने अपनी दावेदारी पेश की। उपाध्यक्ष पद हेतु पुरुष वर्ग में पोषण साहू, तोरण, राजेंद्र, गोपाल, राधेश्याम साहू, उपाध्यक्ष महिला हेतु दमयंती साहू, निर्मला साहू संगठन सचिव पुरुष कमलेश साहू, सुभाष चंद्र साहू संगठन सचिव महिला दुर्गा साहू कतार में थे। समाज प्रमुखों ने चुनाव की जगह आमराय ने नये पदाधिकारी चुनने का मशवरा दिया। जिसका सभी सामाजिक बंधुओं ने समर्थन किया।
संबंधित प्रत्याशियों से चर्चा कर तय किया गया कि सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन होगा। इस तरह मनोनीत पदाधिकारियों की घोषणा की गई। जिसमें जिलाध्यक्ष गणेशराम साहू, उपाध्यक्ष पुरुष राजेंद्र साहू, उपाध्यक्ष महिला निर्मला साहू, संगठन सचिव पुरुष सुभाषचंद्र साहू, संगठन सचिव महिला दुर्गा साहू को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। तत्पश्चात प्रदेश पर्यवेक्षक खिलावन साहू ने सभी पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर शपथ ग्रहण कराया। इस अवसर पर जिला भर से आए समाज के लोग बड़ी संख्या में मौजूद थे।


