धमतरी

कुरुद में 20 हजार से अधिक बच्चों को पिलाई पोलियो की दवा
21-Dec-2025 7:18 PM
कुरुद में 20 हजार से अधिक बच्चों को पिलाई पोलियो की दवा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 21 दिसंबर।
कुरुद विकासखंड 147 केन्द्रों में बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने हेतु पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान का आयोजन किया गया। जिसमें निर्धारित 30275 बच्चों को जिदंगी के दो बूंद दवा पिलाने 437 वेक्सीनेटरों की डियूटी लगाई गई है। चार घंटे के भीतर ही आधे से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जा चुकी है।

स्वास्थ्य विभाग ने धमतरी जिले में 21 दिसम्बर को जिले में कुल 758 पोलियो बूथों के माध्यम से 1 लाख 10 हजार 553 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों को सुबह 8 से शाम 5 बजे तक उनके निकटतम निर्धारित पोलियो बूथ पर पोलियो की खुराक पिलाई जानी हैं। अभियान को सफल बनाने हेतु स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के साथ-साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, कोटवार, प्रशिक्षु महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता तथा पैरामेडिकल विद्यार्थियों की ड्यूटी लगाई गई है।

सिविल हॉस्पिटल कुरुद के बीएमओ हेमराज देवांगन ने बताया कि पोलियो की दवा की उपलब्धता और कार्य की प्रभावी निगरानी के लिए सभी पोलियो बूथों को सेक्टरों में विभाजित कर पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। अभियान की व्यापक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ शहरी इलाकों में बस स्टैंड सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी पोलियो बूथ बनाए गए हैं। बच्चों के उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की दिशा में उठाये गए इस महत्वपूर्ण कदम के प्रथम दिवस रविवार को 12 बजे तक करीब 20 हज़ार बच्चों को दवा पिलाने का काम पूरा कर लिया गया है।
5 बजे के पश्चात छूटे बच्चों को 22 एवं 23 दिसम्बर को  कार्यकर्ता घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलाएंगे। उन्होंने पोलियो मुक्त समाज के लक्ष्य को साकार करने सोम और मंगलवार को घर पहुंचे स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं का सहयोग कर छूटे हुए बच्चों को दवा पिलाने में सहभागिता निभाने का आग्रह किया गया है।


अन्य पोस्ट