धमतरी

भारतीय किसान संघ करेगा सीएम हाउस का घेराव
11-Oct-2025 6:32 PM
भारतीय किसान संघ करेगा सीएम हाउस का घेराव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 11 अक्टूबर। भारतीय किसान संघ धमतरी जिले की बैठक  10 अक्टूबर को कृषि उपज मंडी परिसर कुरूद में जिलाध्यक्ष लालाराम चंद्राकर की अध्यक्षता में हुई। जिसमें 13 अक्टूबर को मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने का प्रस्ताव पारित किया गया।

विष्णुदेव सरकार में किसानों को हो रही उपेक्षा से नाराज होकर भारतीय किसान संघ आंदोलन के लिए मजबूर हुआ है। जिलाध्यक्ष श्री चन्द्राकर ने बताया कि इसके पूर्व भी इसके पूर्व भी किसानों की समस्याओं को लेकर संघ ने क्रमबद्ध आंदोलन किया था। 18 सितंबर को प्रदेश की लगभग 150 तहसीलों में एक साथ ज्ञापन सौंपा था। जिसमें बिजली बिल हाफ योजना पुन: लागू करने, पिछली सरकार की शेष चौथी किश्त भुगतान, धान के मूल्य 3100 में दो वर्ष के समर्थन मूल्य की वृद्धि 186  जोडक़र दिया जाए, प्रति तौल 40.700 किलोग्राम धान खरीदी, सिंचाई का रकबा बढ़ाने, गन्ना फसल में मूल्य वृद्धि, दलहन-तिलहन पर अनुदान बढ़ाने तथा जैविक खेती के लिए केंद्रीय अनुदान राज्य सरकार द्वारा दिए जाने जैसी मांगें शामिल थीं।

परंतु खेद का विषय है कि सरकार की ओर से अब तक किसी भी प्रकार का आश्वासन या ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इस उपेक्षा और सरकार की चुप्पी के विरोध में भारतीय किसान संघ अब प्रदेशव्यापी आंदोलन करने जा रहा है एवं किसानों की मांग पूरी होने तक चरणबद्ध तरीके से किसान संघ आंदोलन करते रहेगा। इसी क्रम में 13 अक्टूबर को प्रात: 11 बजे से बुढ़ा तालाब, रायपुर में प्रारंभ होगा।

एक स्थान पर सभा करने के पश्चात् रैली के रुप में मुख्यमंत्री निवास घेराव हेतु प्रस्थान किया जायेगा।


अन्य पोस्ट