धमतरी

कुरुद ब्लॉक कांग्रेस का अगला अध्यक्ष कौन, फैसला जल्द
04-Sep-2025 3:54 PM
कुरुद ब्लॉक कांग्रेस का अगला अध्यक्ष कौन, फैसला जल्द

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरूद, 4 सितंबर। संगठन में समर्पित एवं उर्जावान नये चेहरों को मौका देकर पार्टी को कारगर बनाने के उद्देश्य से कांग्रेस जमीनी स्तर पर नये पदाधिकारियों की नियुक्ति कर रही है। जिसके तहत ब्लॉक अध्यक्ष के लिए योग्य व्यक्ति का चयन हेतु कुरुद आये पर्यवेक्षक संजय नेताम के समक्ष आधे दर्जन कांग्रेसियों ने अपनी दावेदारी पेश की है।

कुरूद ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष पद को लेकर इन दिनों कांग्रेस में राजनीति माहौल गरमाया हुआ हैं। पीसीसी से भेजे गए पर्वेक्षक के सामने महिम शुक्ला, प्रमोद साहू, मनोज अग्रवाल, हितेन्द्र केला, रामनारायण यादव, मिलन साहू ने दावेदारी पेश की है। पिछले दिनों पर्यवेक्षक संजय नेताम ने इस संबंध में छत्तीसगढ़ महतारी मंदिर प्रांगण में बैठक लेकर वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से राय-मशविरा किया।

उन्होंने कार्यकर्ताओं व दावेदारों से बंद कमरे में वन टू वन चर्चा कर आवेदकों की संगठनात्मक समझ, कार्यशैली, जनसंपर्क क्षमता और पार्टी के प्रति निष्ठा की गहराई से जांच की। पर्यवेक्षक ने कहा कि संगठन को मजबूत करने विचारधारा के प्रति मजबूत और सक्रिय नेताओं को सामने लाना है, जो पार्टी को गांव-स्तर तक संगठित करने में सक्षम हों। अबकी बार ब्लॉक अध्यक्ष की कमान सक्रिय, जुझारू, मेहनती कार्यकर्ताओं के हाथों में सौपी जाएगी। विधानसभा मुख्यालय होने के कारण कुरुद ब्लॉक अध्यक्ष पद पर किसकी ताजपोशी हो इसको लेकर वरिष्ठ नेताओं की नजर भी लगी हुई है। युवा कांग्रेसियों के मतों से जीतकर विधानसभा उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए महीम शुक्ला को इस दौड़ में सबसे आगे माना जा रहा है। क्योंकि इन्हें नगर के एक सबसे अधिक प्रभावशाली परिवार का समर्थन मिलने की संभावना जताई जा रही है। इस रेस में पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद साहू की दावेदारी को भी मजबूत माना जा रहा है। उन्हें एक पूर्व मंत्री और प्रभावशाली परिवार का आशीर्वाद मिलने की उम्मीद है। पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष के पुत्र एवं एल्डरमैन मनोज अग्रवाल ने भी अध्यक्ष बनने के लिए आवेदन किया है। उनके पक्ष में एक पूर्व विधायक लाबिंग कर सकते हैं।

भखारा के जाने माने एक कांग्रेसी नेता के शह पर जोन अध्यक्ष रामनारायण यादव भी ब्लॉक प्रमुख बनने की दौड़ में शामिल है। इसके  अलावा राइस मिलर्स हितेन्द्र केला एवं मिलन साहू ने भी पर्वेक्षक के समक्ष दावेदारी जताई है। लेकिन अब तक उन्हें कोई गंभीरता से नहीं ले रहा है। बैठक में प्रदेश सचिव तारिणी चंद्राकर, पूर्व विधायक लेखराम साहू, जिला कांग्रेस अध्यक्ष शरद लोहाना, जिला पंचायत सदस्य नीलम चंद्राकर, रमेशर साहू, राजकुमारी दीवान, तपन चंद्राकर, देवव्रत साहू, रजत चंद्राकर, मनीष साहू, तुकेश साहू, गोकुल साहू आदि कांग्रेसी मौजूद थे।


अन्य पोस्ट