धमतरी

फिसलकर गिर रहे वाहन चालक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 27 मई। सोरिद वार्ड से बागतराई जाने वाली सडक़ पर नाला निर्माण कार्य से मिट्टी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी है। करीब 200 मीटर लंबी सडक़ कीचड़ में तब्दील हो गई है। पिछले 10 दिनों से स्थानीय निवासी इस समस्या से जूझ रहे हैं। कई लोग गिरकर चोटिल हो चुके हैं।
नाले की खुदाई से निकली मिट्टी को ठेकेदार ने सडक़ पर ही डाल दिया। बेमौसम बारिश के कारण यह मिट्टी कीचड़ में बदल गई। इस मार्ग का उपयोग बागतराई गांव के निवासी और स्कूली छात्र-छात्राएं करते हैं। कीचड़ की वजह से दो मिनट का रास्ता पार करने में 5 से 10 मिनट लग रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कीचड़ में फिसलने का खतरा बना रहता है। छात्राओं को साइकिल चलाने में परेशानी होती है। मोटरसाइकिल सवारों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। टायरों में कीचड़ जमने से वाहन रुक जाते हैं। राह चलते लोगों के कपड़े खराब हो रहे हैं। कई लोग कीचड़ में गिर भी चुके हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि नाला निर्माण कार्य के दौरान मिट्टी को सडक़ के किनारे रखने की बजाय सडक़ पर ही डाल दिया गया। इससे आम लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सडक़ में फैली मिट्टी को निगम द्वारा मिट्टी हटाने का प्रयास नहीं किया गया, जबकि यह वार्ड निगम सभापति का वार्ड है। जिसके बाद कोई पहल नहीं की गई है।