धमतरी

शहर में निकाली बाइक रैली, प्रभु श्रीराम रथ में सवार होकर देर-शाम देंगे भक्तों को दर्शन
06-Apr-2025 1:58 PM
शहर में निकाली बाइक रैली, प्रभु श्रीराम रथ में सवार होकर देर-शाम देंगे भक्तों को दर्शन

कड़ी सुरक्षा में निकलेगी शोभायात्रा, भीड़ की वीडियो-फोटोग्राफी होगी, अस्त्र-शस्त्र प्रदर्शन पर बैन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 6 अप्रैल।
शनिवार को देर-शाम सिद्धेश्वर महाकालेश्वर मंदिर से बाइक रैली निकली। करीब 500 बाइकों में सवार रामभक्तों ने शहर भ्रमण कर लोगों से 6 अप्रैल को निकलने वाली ऐतिहासिक श्रीराम रथयात्रा में शामिल आमंत्रण दिया। बाइक रैली बनियापारा से रत्नाबांधा चौक, मकई चौक, बस स्टैंड, पावर हाउस, घड़ी चौक, सदर बाजार, बिलाई माता मंदिर, लक्ष्मी निवास, अंबेडकर चौक, नगर निगम स्कूल, रिसाईपारा, शिव चौक होते हुए वापस मंदिर पहुंचकर समाप्त हुई।

आज श्रीराम जन्मोत्सव पर दोपहर 3.15 बजे त्रिपुण संस्कार हुआ। शाम 4 बजे महाआरती के बाद भव्य शोभायात्रा निकलेगी। भगवान श्रीराम को रथ में विराजमान कर धार्मिक झांकियों और आयोजनों के साथ यात्रा शुरू होगी। यह यात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए देर रात मां विंध्यवासिनी मंदिर पहुंचेगी। वहां श्रृंगार चढ़ावा और प्रसाद वितरण के साथ समापन होगा।

शोभायात्रा में यह होंगे आकर्षक का केंद्र
शोभायात्रा में राजनांदगांव से भगवान विष्णु के कल्कि अवतार की झांकी आकर्षण का केंद्र रहेगी। खाटू श्याम बाबा की झांकी भी शामिल होगी। 8 डीजे, 3 धुमाल, थ्री डी एलईडी, अखाड़ा पार्टी और विभिन्न बस्तियों की झांकियां भी रहेंगी। कोरबा की गतका पार्टी भी प्रदर्शन करेगी। शिव चौक, धोबी चौक, हटकेशर, रामपुर, अधारी नवागांव, बठेना, विंध्यवासिनी वार्ड, लालबगीचा, आमापारा से भी 9 झांकियां शामिल होंगी।

 

पुलिस प्रशासन ने ट्रैफिक रूट बदला
पुलिस ने भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था बदली है। बाहर से आने वाले बड़े वाहनों का शहर में प्रवेश बंद रहेगा। घड़ी चौक से विंध्यवासिनी मंदिर तक सभी वाहनों पर रोक रहेगी। असामाजिक तत्वों पर ड्रोन कैमरे से नजर रखी जाएगी। एसपी आंजनेय वार्ष्णेय, एएसपी मणिशंकर चंद्रा, डीएसपी मोनिका मरावी, टीआई राजेश मरई समेत अधिकारी निगरानी करेंगे।

यह होंगे वाहनों का नया रूट
जगदलपुर से रायपुर जाने वाले वाहन श्यामतराई बायपास से गुजरेंगे। दुर्ग से आने वाले वाहन खपरी, अर्जुनी मोड़, सिहावा चौक से नगरी-सिहावा की ओर जाएंगे। रायपुर से जगदलपुर जाने वाले वाहन संबलपुर, श्यामतराई होकर जाएंगे। नगरी-सिहावा से जगदलपुर जाने वाले वाहन नहरनाका, शांति कॉलोनी, सिहावा चौक, अर्जुनी मोड़, संबलपुर होते हुए श्यामतराई से गुजरेंगे।


अन्य पोस्ट