धमतरी

क्रॉस वोटिंग के बाद भी कांग्रेस के देवव्रत बने उपाध्यक्ष नगर पंचायत कुरुद में उपाध्यक्ष का चुनाव
10-Mar-2025 6:10 PM
क्रॉस वोटिंग के बाद भी कांग्रेस के देवव्रत बने उपाध्यक्ष नगर पंचायत कुरुद में उपाध्यक्ष का चुनाव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 10 मार्च। नगर पंचायत कुरुद में स्पष्ट बहुमत होने के बाद भी उपाध्यक्ष चुनाव में एक बार फिर कांग्रेस की कमजोरी उजागर हुई। अध्यक्ष मिलाकर भाजपा के पास 7 वोट हैं, जबकि कांग्रेस के 9 पार्षद जीते हैं। मतों की गिनती में भाजपा कांग्रेस प्रत्याशी को 8-8 वोट मिले। जिससे दोनों ही खेमे में हलचल मच गई। अब दोनों ही पार्टियां नंबर 9 की तलाश में है।

 सोमवार को नगर पंचायत में उपाध्यक्ष चयन के लिए नवनिर्वाचित पार्षद दल का सम्मेलन रखा गया। पीठासीन अधिकारी एसडीएम नभसिंह कोसले, तहसीलदार दुर्गा साहू, सीएमओ महेन्द्र गुप्ता की देखरेख में उपाध्यक्ष चुनाव की प्रक्रिया प्रारंभ हुई।

 अध्यक्ष को मिलाकर 7 वोट वाली भाजपा ने वार्ड क्रमांक 4 के पार्षद महेन्द्र गायकवाड़ को मैदान में उतारा। जबकि संख्या बल में धनी कांग्रेस ने अपने अनुभवी पार्षद देवव्रत साहू को आगे किया। मतदान के बाद बाद जब गणना हुई तो दोनों को 8-8 वोट मिले।

इसका मतलब है 9 पार्षदों वाली कांग्रेस में किसी एक ने क्रॉस वोटिंग की। इस घटना ने भाजपा में उम्मीद और कांग्रेस में निराशा का संचार किया। दोनों ही खेमे में एक वोट की तलाश होने लगी। इस बीच निर्वाचन अधिकारी ने लॉटरी सिस्टम से उपाध्यक्ष चुनने की घोषणा की। जिसमें कांग्रेस के देवव्रत का भाग्य प्रबल रहा। मतों से न सही लाटरी सिस्टम से वे उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। विपक्षी खेमा  गद्दारी करने वाले एक पार्षद के बारे में सोचना छोड़ जीत की खुशी मनाने लगा।

 वरिष्ट पार्टी नेता शरद लोहाना, मोहन लालवानी, प्रहलाद चन्द्राकर, नीलम चन्द्राकर, तपन चन्द्राकर, तारणी चन्द्राकर, राजकुमारी दीवान, आशीष शर्मा ने फूल माला पहनाकर नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष देवव्रत का सम्मान किया। लेकिन अन्य कांग्रेसी उस गद्दार पार्षद का पता लगाकर उसे पार्टी से बाहर करने की मांग करते रहे। जिसमें उत्तम साहू, डुमेश साहू, रजत चन्द्राकर, उर्वशी चन्द्रकार, अर्जुन ध्रुव, राखी चन्द्राकर, मनीष साहू, मंजू साहू, गीताराम सिन्हा, रमेशर साहू, दिवाकर चन्द्राकर, मनोज अग्रवाल, पप्पू राजपूत, टुकेश साहू आदि शामिल थे। विपक्ष में जिस बात को लेकर बवाल मचा हुआ है सत्तापक्ष भी एक वोट कम मिलने को लेकर टेंशन में हैं।

बहरहाल,  अध्यक्ष ज्योति चन्द्राकर, भाजपा पार्षद मिथलेश बैस, सितेश सिन्हा, रवि मानिकपुरी, कविता चन्द्राकर, राजकुमारी ध्रुव पूर्व नेता प्रतिपक्ष भानु चन्द्राकर, भाजपा नेता कृष्णकांत साहू, मूलचंद सिन्हा आदि ने नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष को बधाई दी है।


अन्य पोस्ट