धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 7 मार्च। जिले के 20वें कलेक्टर के तौर पर 2018 बैच के आईएएस अबिनाश मिश्रा ने गुरुवार को कलेक्टोरेट पहुंचकर पदभार ग्रहण किया। जिसके बाद राजस्व विभाग के अफसरों से परिचय लिया। कहा कि काम को प्राथमिकता दिया जाए।
उन्होंने संक्षिप्त बैठक में सभी अधिकारियों को शासन की योजनाओं को आमजनों तक सफलतापूर्वक पहुंचाने को अपनी प्राथमिकता बताया। अपने कार्यकाल में जिले में बेसिक एडमिनिस्ट्रेशन को बेहतर करते हुए शासकीय योजनाओं के त्वरित क्रियान्वयन पर जोर दिया। कलेक्टर ने सभी अधिकारी, कर्मचारियों को नियत समय पर कार्यालयों में उपस्थित रहकर शासकीय काम करने के सख्त निर्देश भी पहली ही बैठक में दिए।
रायपुर में जिपं सीईओ व आयुक्त रहे
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा मूलत: ओडिशा के बरगढ़ से हैं। 2 जुलाई 1992 को जन्मे कलेक्टर मिश्रा के माता-पिता दोनों शिक्षक हैं। उन्होंने आईआईटी खडग़पुर से मैकेनिकल में बीटेक किया, उसके बाद दिल्ली तैयारी के लिए चले गए और अपने चौथे प्रयास में यूपीएससी क्रैक किया।
ऑल इंडिया रैंक में उन्होंने 65वां स्थान प्राप्त किया। उनकी पहली ज्वॉइनिंग 27 अगस्त 2018 को आईएएस के रूप में छत्तीसगढ़ में हुई। दंतेवाड़ा में एसडीएम, रायपुर में जिला पंचायत सीईओ और नगर निगम रायपुर में आयुक्त के पद पर रहे। उन्हें धमतरी जिले का कलेक्टर बनाया गया है।



