धमतरी

भोलेनाथ की निकली बारात, अघोर बाबा थिरके
26-Feb-2025 4:18 PM
भोलेनाथ की निकली बारात, अघोर बाबा थिरके

‘छत्तीसगढ़’संवाददाता

 धमतरी, 26 फरवरी। बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर समिति ने 25 फरवरी को शहर में भोलेनाथ की शाही बारात निकाली, जो मां विंध्यवासिनी मंदिर से शुरू होकर बूढ़ेश्वर मंदिर में समाप्त हुई।

भोलेनाथ की शाही बारात में बनारस से डमरूधारी अघोरी बाबा की टीम पहुंची। अघोरी बाबा की टीम ने तांडव नृत्य किया। मां दुर्गा के 9 रुपों की झांकी भी दिखाई गई। कलकत्ता से कलाकार भी शामिल हुए, साथ ही किन्नरों की टीम भी बारात में शामिल होकर गानों पर नाचती रहीं। भोलेनाथ की शाही बारात में 7 घोड़े शामिल हुए। कलकत्ता का शेड डांस भी हुआ, जो लोगों को आकर्षित किया।

आरंग से भगवान गणेश, भोलेनाथ, वानर सेना की झांकी, रायपुर क्षेत्र से काली माता व नागपुर से काली मां झांकी निकली, जिसे लोग अपने मोबाइल के कैमरे में कैद करते रहे। नागपुर की ढोल पार्टी समेत आसपास गांवों से झांकी बारात में शामिल हुई। बारात में छत्तीसगढ़ी नृत्य की झलक दिखी। आंगा देव भी शामिल हुआ।

महाशिवरात्रि पर आज 5.30 बजे मंगल आरती एवं दर्शन हुआ। दोपहर 12.30 बजे भोग, आरती व शाम 4 बजे श्रृंगार दर्शन होगा। रात 8 बजे महाआरती, भोग व रात्रि 11.30 बजे महाश्रृंगार आरती होगा। रुद्रेश्वर महादेव, नागेश्वर मंदिर, बटुकेश्वर मंदिर में विशेष पूजन होगा।


अन्य पोस्ट