धमतरी

जिले के किसानों के खाते में 496 करोड़ रुपए जारी, अगले 48 घंटे में आएगी राशि
09-Feb-2025 3:27 PM
जिले के किसानों के खाते में 496 करोड़ रुपए जारी, अगले 48 घंटे में आएगी राशि

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 9 फरवरी।
समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले 1.23 लाख किसानों को राज्य सरकार ने कृषक उन्नति योजना के तहत 496 करोड़ जारी किया है। राज्य शासन ने यह राशि 7 फरवरी को जारी किया, लेकिन शनिवार को कुछ किसानों के खाते में यह राशि पहुंच गई। बाकी किसानों के खाते में अगले 48 घंटे में वर्किंग-डे सोमवार-मंगलवार तक पहुंचेगी।

सहकारिता विभाग के अनुसार जिले में धान बेचने करीब 1.29 लाख किसानों ने पंजीयन कराया था, जिसमें से 1.28 लाख किसानों ने करीब 61.98 लाख क्विंटल धान बेचा है। शासन ने किसानों को धान बेचने के बाद समर्थन मूल्य की राशि 2300 रुपए की दर से 14 अरब 27 करोड़ 26 लाख 41 हजार भुगतान कर दिया है। यह राशि किसानों के खाते में डीबीटी के जरिए आ चुकी है। राज्य सरकार द्वारा घोषित समर्थन मूल्य 3100 रुपए के मान से प्रति क्विंटल 800 रुपए अंतर राशि को भी जारी कर दिया गया। विपणन विभाग के अधिकारी सुनील सिंह राजपूत ने बताया कि 7 फरवरी को राज्य सरकार ने कृषक उन्नति योजना के तहत जिले के 1.23 लाख किसानों के खाते में 496 करोड़ जारी कर दिया है। यह राशि शुक्रवार को कुछ किसानों के खाते में पहुंच गई है। बाकी किसानों के खाते में अगले वर्किंग-डे यानि सोमवार-मंगलवार तक पहुंचेगी। जिले में 31 जनवरी तक धान खरीदी हुई। जिले भर में 11 बैंक शाखाओं के 74 समितियों के 100 खरीदी केन्द्रों के जरिए धान खरीदी किया गया था। 


अन्य पोस्ट