धमतरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 4 फरवरी। त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के लिए अंतिम दिन 3 फरवरी को शक्ति प्रदर्शन किया। कांग्रेस-भाजपा समेत निर्दलीय चुनाव लडऩे वाले प्रत्याशी रैली निकालकर जिपं व जनपद पंचायत कार्यालय पहुंचे। जिला पंचायत के 13 सदस्यों के लिए 49 आवेदन जमा हुए। धमतरी ब्लॉक के परसतराई में गंगा मरकाम को निर्विरोध सरपंच चुन लिया है।
जिले में ग्रामीण सरकार चुनने 5 लाख 30 हजार 5 मतदाताओं को मताधिकार का अधिकार मिला है। इसमें जनपद पंचायत धमतरी क्षेत्र में 1 लाख 47 हजार 674, कुरूद क्षेत्र में 1 लाख 63 हजार 433, नगरी क्षेत्र में 1 लाख 27 हजार 431 तथा मगरलोड जनपद क्षेत्र में 91 हजार 467 मतदाता हैं। इसमें पुरुषों की संख्या 2 लाख 60 हजार 771, जबकि इससे ज्यादा 2 लाख 69 हजार 226 महिला मतदाता हैं।
ग्रामीण क्षेत्र में 8 थर्डजेंडर मतदाता भी हैं। जिले में 3 चरणों में चुनाव होगा। पहले चरण में धमतरी-मगरलोड, दूसरे चरण में कुरूद व तीसरे चरण में नगरी अंचल के पंचायतों में चुनाव होगा।
जिले में नक्सल प्रभावित 122 बूथ
त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव में ग्रामीण सरकार चुनने के लिए जिलेभर में 958 मतदान केन्द्र बनाए हैं। 2019 में हुए पंचायत चुनाव के अनुसार 958 मतदान केन्द्रों में से 296 मतदान केन्द्र संवेदनशील थे। 161 मतदान केन्द्र अति संवेदनशील तथा नगरी-मगरलोड क्षेत्र में 122 मतदान केन्द्र अति नक्सल संवेदनशील की श्रेणी में माने गए थे। जिलेभर में 320 मतदान केन्द्रों को ही सामान्य केन्द्र के रूप में चिन्हांकित किया था।