धमतरी

प्रत्याशियों को दी व्यय लेखा की जानकारी
02-Feb-2025 4:03 PM
प्रत्याशियों को दी व्यय लेखा की जानकारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
धमतरी, 2 फरवरी।
नगरीय निकाय निर्वाचन-2025 के तहत शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में व्यय प्रेक्षक रोहित कुमार की उपस्थिति में बैठक हुई, जिसमें धमतरी नगर निगम महापौर और 5 नगर पंचायत में चुनाव लडऩे वाले अध्यक्ष पद प्रत्याशियों को व्यय लेखा संबंधी जानकारी दी गई। व्यय प्रेक्षक रोहित कुमार ने कहा कि स्थानीय नगरीय निकाय निर्वाचन में नगरीय निकायों (नगर निगम और नगर पंचायतों) में से केवल एक पद नगर निगम के महापौर और नगर पंचायतों के केवल अध्यक्ष पद के लिए व्यय की सीमा निर्धारित की गई है।

उन्होंने बताया कि प्रत्याशी प्रतिदिन की अलग व्यय लेखा संधारित करें और इसे निर्धारित प्रारूप में रखें। प्रत्येक अभ्यर्थी को नया खाता खुलवाना पड़ेगा और 10 हजार से अधिक सभी लेनदेन ऑनलाइन के माध्यम से करना अनिवार्य है। इसके लिए राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा दी गई पुस्तिका का भी अवलोकन किया जा सकता है। जिला पंचायत के लेखा अधिकारी टंडन ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से निर्वाचन व्यय विधिक प्रावधान प्रभावित, प्रत्याशियों द्वारा व्यय संबंधी भरे जाने वाले प्रपत्र, व्यय सीमा, लेखा संधारण निर्णय और व्यय प्रेक्षकों का प्रतिवेदन के संबंध में जानकारी दी। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रीति दुर्गम, सहायक संचालक शिक्षा एलडी चौधरी के अलावा अन्य अधिकारी तथा प्रत्याशी उपस्थित थे।
 


अन्य पोस्ट