धमतरी

धमतरी में भाजपा-कांग्रेस ने महापौर प्रत्याशी की घोषणा की, जगदीश व विजय को मिली टिकट
27-Jan-2025 4:14 PM
धमतरी में भाजपा-कांग्रेस ने महापौर प्रत्याशी की घोषणा की, जगदीश व विजय को मिली टिकट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

धमतरी, 27 जनवरी। धमतरी नगर निकाय चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस ने अपने महापौर प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। प्रदेश भाजपा कार्यालय से जारी सूची के अनुसार, पार्टी के प्रदेश महामंत्री जगदीश रामू रोहरा को महापौर पद का टिकट दिया गया है। देर शाम तक पार्टी ने सभी 40 वार्डों के लिए पार्षद प्रत्याशियों की सूची भी जारी कर दी। इनमें 13 महिला प्रत्याशियों को मौका दिया गया है, जो पार्टी के महिला सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। वहीं कांग्रेस ने विजय गोलछा को चुनाव मैदान में उतारा है।

महापौर प्रत्याशी जगदीश रामू रोहरा के शहर आगमन पर कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया। रोहरा के चयन से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। उनका प्रदेश महामंत्री के रूप में लंबा अनुभव पार्टी के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है। आगामी नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा धमतरी में मजबूत दावेदारी पेश करने की तैयारी में है।

जगदीश रामू रोहरा धमतरी शहर के विवेकानंद नगर के निवासी हैं। जगदीश ने 51 साल की उम्र में बीकॉम की डिग्री प्राप्त की है। उनके राजनीतिक सफर की शुरुआत 2003 में भारतीय जनता पार्टी से हुई थी। वे पार्टी में कार्यकर्ता के रूप में सक्रिय रहे और 2010 से 2015 तक जिला कोषाध्यक्ष, 2015 से 2019 तक जिला अध्यक्ष, 2019 से 2024 तक प्रदेश मंत्री और 2024 से अब तक प्रदेश महामंत्री के रूप में कार्य करते रहे हैं।

धमतरी शहर के नगरी निकाय चुनाव के लिए नगर निगम महापौर पद के लिए कांग्रेस पार्टी ने विजय गोलचा को अधिकृत किया है, जिनका उम्र 62 वर्ष है। शिक्षा 9वीं तक की पढ़ाई, तक है राजनीतिक सफर में 1977 से कांग्रेस में कार्यकर्ता के रूप में कार्य किये, जिसके बाद सक्रीय सदस्य बने, 1999 सदर उत्तर वार्ड से कांग्रेस पार्टी से चुनाव लड़े और पार्षद बने, कांग्रेस पार्टी ने शहर ब्लाक अध्यक्ष का दायित्व दिया, वर्तमान में जिला कांग्रेस कमेटी के  महामंत्री हैं। समाजिक क्षेत्र से बात करें, तो सर्व हिंदू समाज के वर्तमान में उपाध्यक्ष, जिला सकल जैन समाज के 2 बार अध्यक्ष रहे,वर्तमान में जैन स्वेताम्बर संघ  मूर्ति पूजन के अध्यक्ष है।


अन्य पोस्ट