धमतरी

ग्रामीण सरकार चुनने 27 से जमा होंगे नामांकन
24-Jan-2025 2:15 PM
ग्रामीण सरकार चुनने 27 से जमा होंगे नामांकन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 धमतरी , 24 जनवरी। शहर के बाद अब गांवों में भी त्रि-स्तरीय पंचायत चुनावी माहौल शुरू हो गया है। 27 जनवरी से ग्रामीण सरकार के लिए नामांकन पत्र भरने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। 3 चरणों में यह चुनाव होगा।

जिले में 367 ग्राम पंचायतों में सरपंच चुने जाएंगे। साथ ही 5 हजार से ज्यादा पंच के साथ ही जनपद सदस्य, जिला पंचायत सदस्य चुने जाएंगे। त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के लिए जिले में 27 जनवरी से नामांकन की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। अंतिम तिथि 3 फरवरी तक नामांकन भरे जाएंगे। दूसरे चरण में कुरूद ब्लॉक में चुनाव होगा। तीसरे चरण में नगरी जनपद क्षेत्र में चुनाव होगा। तीनों चरणों में नामांकन दाखिल 27 जनवरी से आरंभ होगा। 3 फरवरी तक नामांकन जमा करने के बाद 4 फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच, 6 फरवरी को नाम वापसी होगी। धमतरी और मगरलोड ब्लॉक में 17 फरवरी को मतदान होगा। दूसरे चरण में कुरूद में 20 फरवरी 105 ग्राम पंचायतों तथा तीसरे चरण में 23 फरवरी को नगरी जनपद क्षेत्र के 102 ग्राम पंचायतों में चुनाव होगा। जिलेभर में 367 सरपंचों के साथ करीब 5 हजार से ज्यादा वार्ड पंच, 98 जनपद सदस्य तथा 13 जिला पंचायत सदस्य चुने जाएंगे।

चुनाव लडऩे 153 लोगों ने निगम से लिया एनओसी प्रमाण पत्र

नगरीय निकाय चुनाव के लिए नामांकन फार्म खरीदने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। गुरुवार को महापौर के लिए एक व पार्षद चुनाव लडऩे 20 लोगों ने फार्म खरीदा है। अब तक कांग्रेस-भाजपा समेत अन्य राजनीतिक दलों ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। आज राजीव भवन में कांग्रेस की जिला चयन समिति की बैठक होगी, जिसके बाद देर शाम तक कांग्रेस की पहली सूची जारी होने की संभावना है। 2 दिन में 3.89 लाख टैक्स भी जमा हुआ है।

4 दिनों में अब तक 153 लोगों ने निगम दफ्तर पहुंचकर एनओसी अर्थात अदेय प्रमाण पत्र ले चुके हैं। इसमें जिस दिन आचार संहिता लगी, उसी दिन 20 जनवरी को 8 लोगों ने निगम पहुंचकर एनओसी लिया। 21 को 54, 22 को 59 तथा 23 जनवरी को दोपहर दो बजे तक 32 लोगों को अदेय प्रमाण पत्र जारी किया जा चुका था। खास बात यह कि बकाया टैक्स भी जमा होने लगा है।

28 जनवरी तक जमा होंगे आवेदन

करीब डेढ़ लाख की आबादी वाले धमतरी शहर में 40 वार्ड हैं। निगम में कांग्रेस के 21 तथा भाजपा के 19 पार्षद थे। 20 जनवरी से फिर से चुनावी दंगल शुरू हो गया है। 28 जनवरी तक नामांकन फॉर्म भरे जाएंगे, लेकिन पहले दो दिनों में एक भी उम्मीदवारों ने आवेदन फार्म नहीं भरे। कांग्रेस-भाजपा के नाम से तथा निर्दलीय चुनाव लडऩे के लिए 20 लोगों ने नामांकन फार्म खरीदा है। 26 जनवरी को अवकाश रहेगा। इसके बाद 27 जनवरी और अंतिम दिन 28 जनवरी को ही आवेदन फार्म जमा होंगे। 24 और 25 जनवरी को आवेदन लेने और जमा करने निगम कार्यालय में प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की भीड़ उमडऩे की संभावना है।


अन्य पोस्ट