धमतरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 21 दिसंबर। वन विभाग की उडऩदस्ता टीम ने सिहावा के गढिय़ापारा के एक मकान से साल-सागौन समेत मिक्स प्रजाति की 107 नग लकड़ी जब्त की है। औजार भी जब्त किए हैं। आरोपी चन्द्रभान देव के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई वन विभाग कर रहा है।
रेंजर दीपक गावड़े ने बताया कि जब्त लकड़ी की संख्या 107 नग है। लकड़ी काटने के कई औजार भी बरामद हुए। दोपहर 2 बजे से शुरू हुई यह कार्रवाई देर शाम तक चली। इधर नगरी-सिहावा वनांचल में इन दिनों लकड़ी तस्कर गिरोह सक्रिय हैं। बिरगुड़ी रेंजर, रिसगांव, अरसीकन्हार, सीतानदी रेंज के सुदूर जंगल में शाम ढलते ही लकड़ी तस्कर सक्रिय हो जाते हैं। हरे-भरे पेड़ों पर कुल्हाड़ी और आरी मशीन चलाकर कीमती पेड़ों को काट रहे हैं। वनांचल में नक्सली आहट का भी लकड़ी तस्कर फायदा उठा रहे हैं। नक्सलियों के खौफ के चलते पुलिस और वन विभाग, उडऩदस्ता का अमला सुदूर जंगल के भीतर नहीं पहुंच पाते।
इन क्षेत्रों में ज्यादा लकड़ी कटाई
जिले में नगरी वनांचल लकड़ी तस्करों के लिए स्वर्ग बना हुआ है। यहां भाटखार, दलदली, रिसगांव, एकावारी, डोकाल, चंदनबाहरा, गट्टासिल्ली, कोर्रा, पाहंदा, जबर्रा, नगरी, सिहावा, कोर्रा, दुगली, कौहाबाहरा, सराईटोला, चनागांव, हितली, भोयना, छुही, सलोनी के जंगल में तस्कर बड़ी मात्रा में लकड़ी कटाई कर चुके हैं। शाम ढलते ही तस्कर जंगल में घुस जाते हैं और अलसुबह लकडिय़ों को लेकर बाहर आते हैं।