धमतरी

पंचायत चुनाव की आरक्षण प्रक्रिया स्थगित, 115 पार्षदों के लिए 19 को निकलेगी पर्ची
17-Dec-2024 3:13 PM
पंचायत चुनाव की आरक्षण प्रक्रिया स्थगित,  115 पार्षदों के लिए 19 को निकलेगी पर्ची

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

धमतरी, 17 दिसंबर। पंचवर्षीय कार्यकाल खत्म होने वाला है। इसके साथ निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए प्रशासनिक तैयारी शुरू हो गई। जिला निर्वाचन आयोग ने 17 दिसंबर यानी आज जिला पंचायत के सभाकक्ष में सदस्यों के लिए आरक्षण की प्रक्रिया तय किया था, लेकिन देर-रात त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर छत्तीसगढ़ शासन ने एक आदेश जारी किया है।

सोमवार को जारी हुए इस आदेश में आरक्षण प्रक्रिया से जुड़े हुए निर्देश हैं। सरकार ने अब आरक्षण को लेकर होने वाली कार्रवाई स्थगित कर दी है। वहीं 19 दिसंबर को धमतरी समेत कुरूद, नगरी, मगरलोड, भखारा और आमदी के 115 वार्डों के पार्षदों के लिए आरक्षण की प्रक्रिया होगी।

जिले के 367 ग्राम पंचायतों में आम चुनाव होना है। कुरूद क्षेत्र के 3 पंचायत चर्रा, चरमुडिया और नवागांव-उ में आम चुनाव नहीं होगा। यह डेढ़ साल पहले ही आम चुनाव हुआ था। राज्य शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारी शुरू की।

इधर, पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग के संयुक्त सचिव तारण प्रकाश सिन्हा के हस्ताक्षर से आदेश जारी हुआ है। इस आदेश में पहले से तय त्रिस्तरीय पंचायत राज संस्थाओं के आरक्षण की कार्रवाई की समय सारिणी को स्थगित किया है। इसके पीछे कोई वजह साफ न बताते हुए आदेश में लिखा गया कि ऐसा अपरिहार्य कारणों से किया जा रहा है।

इसके पीछे की वजह की चर्चा

प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव और पंचायत के चुनाव एक साथ करने की तैयारी है। हालांकि, चुनाव अलग-अलग चरणों में होंगे। अब पहले नगर निगम के चुनाव के आरक्षण की प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा। इसके बाद पंचायतों की प्रक्रिया शुरू होगी। सूत्रों के मुताबिक 21 से 23 दिसंबर तारीख के आसपास शहरी इलाकों के नगर निगमों में आरक्षण की प्रक्रिया को पूरा किया जा सकता है।

115 पार्षदों के लिए 19 को आरक्षण

नगरीय निकायों के आम निर्वाचन के लिए 19 दिसंबर को आरक्षण होगा। नगरीय निकायों क्रमश: नगर पंचायत आमदी, भखारा, मगरलोड, नगरी व नगर पालिक निगम धमतरी के कुल 115 वार्डों के लिए आरक्षण होगा। यह कार्रवाई शाम 4 बजे विहित प्राधिकारी, कलेक्टर नम्रता गांधी द्वारा की जाएगी। उन्होंने कहा कि आरक्षण की कार्रवाई के दौरान जो नागरिक उपस्थित रहना चाहते हैं, वे उपस्थित रह सकते हैं।


अन्य पोस्ट