धमतरी

कुरुद विधानसभा के चारों भाजपा मंडल अध्यक्षों के नाम तय
11-Dec-2024 6:46 PM
कुरुद विधानसभा के चारों भाजपा मंडल अध्यक्षों के नाम तय

विधायक ने ली कार्यकर्ताओं की बैठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरूद, 11 दिसंबर। अपने मजबूत संगठन के दम पर लोकसभा एवं विधानसभा के चुनावों में शानदार सफलता अर्जित कर चुकी भाजपा इन दिनों पार्टी मिशनरी को और अधिक कारगर बनाने की कवायद में जुटी है। जिसके तहत मंडल स्तर की कमान 25 से 35 आयुवर्ग के ऊर्जावान युवाओं को सौपने की तैयारी हो रही है। इसी के तहत कुरुद विधानसभा के चारों मंडल से एक एक नाम की सूची बना मंजूरी के लिए प्रदेश संगठन को भेजा गया है।

मंगलवार को भाजपा कार्यालय में कुरुद विधानसभा के चारों मंडल सिर्री, मेघा, भखारा और कुरुद की कमान किसे सौपी जाए के संबंध में एक बैठक बुलाई गई। जिसमें विधायक अजय चन्द्राकर के अलावा पार्टी द्वारा नियुक्त मंडल चुनाव प्रभारी व राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष नेहरू निषाद, पूर्व जिलाध्यक्ष निर्मल बरडिय़ा, दयाराम साहु, विकल गुप्ता के अलावा वरिष्ठ पार्टी नेता कमलेश ठोकने, निरंजन सिन्हा, ज्योति भानु चन्द्राकर सहित चारों मंडल के पदाधिकारी शामिल थे।

बैठक में पूर्व मंत्री अजय चन्द्राकर ने बीते दोनों आम चुनाव एवं सदस्यता अभियान में शानदार प्रदर्शन के लिए सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आप ही के बदौलत हमने विधानसभा और लोकसभा के चुनाव में इतिहास रचा है। सदस्यता अभियान में हम भले ही तकनीकी रूप से प्रदेश में तीसरे स्थान पर रहे, क्योंकि भौगोलिक स्थिति और आबादी घनत्व के मामले में समृद्ध दो विधानसभा क्षेत्र हम से आगे है। लेकिन आप सभी ने सदस्यता अभियान में नंबर एक का प्रदर्शन किया है। तत्पश्चात् नये मंडल अध्यक्ष चुनने के लिए चारों मंडल से तीन-तीन नाम मांगे गए।

पार्टी द्वारा तय गाइडलाइन एवं गुणदोष की कसौटी में कस कर एक-एक नाम पर सबने सहमति दी। इस आधार पर चारों मंडल के लिए सिंगल नाम की सूची तैयार कर प्रदेश संगठन को भेजा गया है। बीते चुनावों में पार्टी प्रत्याशी की जीत के लिए दिनरात एक करने, सदस्यता अभियान में शानदार प्रदर्शन और खुले मंच से लेकर विभिन्न मिडिया प्लेटफार्म में पार्टी पक्ष को मुखरता से रखकर नेताओं के नजरों में चढ़े युवा कृष्णकांत साहू का नाम कुरुद मंडल अध्यक्ष के लिए तय किया गया है।

सिर्री मंडल अध्यक्ष के रूप में पंद्ररह सालों से गांव की सरपंची सम्भाल रहे मिलनसार शिक्षित युवा जनपद सदस्य लोकेश साहू का नाम फायनल किया गया। मंडल महामंत्री के तौर पर चुनाव और सदस्यता अभियान में भीड़ कर काम करने वाले संतोष सोनी को मेघा मंडल अध्यक्ष के लायक माना गया। इसी तरह एकदम फ्रेस लेकिन उर्जा से भरे लोमश सिन्हा के हाथों में राजनीतिक तौर पर काफी महत्वपूर्ण माने जाने वाले भखारा मंडल की कमान सौंपने की सबने सहमति दे दी है।

उम्मीद है कि अगले दो चार दिन में मंडल अध्यक्षो के नामों की विधिवत घोषणा हो सकती है।

अंत में विधायक श्री चन्द्राकर ने कार्यकर्ताओं को नगरीय निकायों एवं त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए कमर कस लेने की सलाह दी। बैठक में गौकरण साहू,भानु चन्द्राकर, भीमदेव, रामस्वरूप, मालकराम साहू, कुलेश्वर चन्द्राकर, पुष्पेंद्र साहू, आनंद यदू, होरीलाल साहू, हरख जैन, झागेश्वर ध्रुव, संध्या, पूर्णिमा साहू आदि शामिल थे।


अन्य पोस्ट