धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 6 दिसंबर। हटकेशर वार्ड में संचालित सर्वोदय अंग्रेजी उमावि में एक नाबालिग छात्र ने 2 शिक्षकों पर जानलेवा हमला किया। घटना गुरुवार दोपहर करीब 2.45 बजे की है। घायल शिक्षक कुलप्रीत अजमानी ने सिटी कोतवाली में एफआईआर दर्ज करवाई है।
थाने में बयान दिया कि 5 दिसंबर को स्कूल की छुट्टी होने के बाद बच्चों को स्कूल बस में बैठा रहा था। दोपहर करीब 3 बजे स्कूल के प्रथम तल से चिल्लाने की आवाज आई। वहां गया तो हथियार पकड़े हुए सीढ़ी से 11वीं विज्ञान संकाय का एक छात्र उतर रहा था। ऊपर से स्कूल स्टाफ के शिक्षक ने पकडऩे कहा।
छात्र को पकडऩे की कोशिश की तो उसने हमला किया। हाथ में चोट आई। छात्र ने स्कूल के वाइस प्रिंसिपल जुनैद अहमद पर जानलेवा हमला किया। उसके सिर व गर्दन में धारदार हथियार से कई बार वार के निशान थे।
घायल शिक्षक जुनैद अहमद ने शिक्षकों को बताया कि 2 दिन पहले छात्र को स्कूल में मोबाइल नहीं लाने व समय पर आने, छुट्टी होने पर ही स्कूल से जाने की समझाइश दी थी। इसी बात पर हमला हुआ।
खून से लथपथ घायल जुनैद अहमद को स्कूल स्टाफ के शोएब खान, रवि मारकंडे व अन्य लोग जिला अस्पताल लाए। यहां टांके लगाए। गंभीर हालत में उसे रेफर किया। बठेना अस्पताल में इलाज जारी है।
एफआईआर कर पुलिस घटना की जांच कर रही
कोतवाली टीआई राजेश मरई ने बताया कि सर्वोदय अंग्रेजी उमावि के एक नाबालिग ने 2 शिक्षकों पर धारदार हथियार से हमला किया है। घटना में एक शिक्षक को ज्यादा चोंटें आई हैं। घटना के बाद से हमलावर नाबालिग छात्र फरार है। पुलिस ने उसके खिलाफ एफआईआर की है। छात्र की तलाश जारी है।
सर्वोदय अंग्रेजी उमावि के प्रबंधक तिहारू राम सिन्हा ने बताया कि स्कूल से छुट्टी होने के दौरान 2.45 बजे की यह घटना है। एक छात्र ने 2 शिक्षकों पर हमला किया। एक शिक्षक को ज्यादा चोटें आई हैं। अस्पताल में भर्ती है। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है।


