धमतरी

सहकारिता व औद्योगिक विकास से ही बढेंग़े रोजगार के अवसर-अजय
05-Dec-2024 4:32 PM
सहकारिता व औद्योगिक विकास से ही  बढेंग़े रोजगार के अवसर-अजय

कुरुद विधानसभा के सभी सोसाइटी अध्यक्षों ने ली शपथ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 5 दिसंबर।
कुरुद विधानसभा के तीन दर्जन सहकारी समितियों के मनोनीत अध्यक्षों के शपथग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व केबिनेट मंत्री अजय चन्द्राकर ने कहा कि आप सभी को मात्र प्राधिकृत अधिकारी भर बनकर नहीं रहना है, बल्कि सहकारिता के प्रावधानों को समझ अपने साथ लोगों को जोडक़र आपेक्स बॉडी दिल्ली तक का सफर तय करना है। सोंच बड़ी होगी तभी आप समाज के लिए कुछ उल्लेखनीय कार्य कर सकते हो। 

गुरुवार को पुराना मंडी प्रागण में आयोजित शपथग्रहण समारोह में कुरूद सोसायटी अध्यक्ष प्रभात बैस ने सभी 36 सहकारी समितियों के नव नियुक्त अध्यक्षों को शपथ दिलाई। 
अजय चन्द्राकर ने कहा कि पहले सहकारिता का विस्तार राष्ट्रीय स्तर पर नहीं था। लेकिन पीएम मोदी ने इसके लिए अलग मंत्रालय का गठन कर किसानों के उत्थान की सोच प्रकट की। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा कि क्षेत्र ने दादागिरी और फर्जी तरीके से चुनाव लडऩे वाले लोगों का दौर भी देखा है। शुगर फैक्ट्री का झांसा देकर जमीन हड़पने की कोशिश किसने की थी सब जानते हैं। हमने रोजगार के अवसर बढ़ाने बगौद में फूडपार्क की स्थापना की। लेकिन पूर्ववर्ती सरकार के समय उद्योग विभाग की जमीन पर तालाब और गौठान बनाकर नंबर बढ़ाने का काम किया गया। श्री चन्द्राकर ने सहकारिता जगत में दाऊ गंगाप्रसाद एवं प्रवीण चन्दकर के योगदान को याद करते हुए कहा कि हमने कॉपरेटिव सेक्टर में शुरू से ही काम जिसके तहत एलाइट सेक्टर को मजबूत कर इससे जुड़े लोगों की आय बढाने मिल्क रुट, चिलिंग प्लांट, हथकरघा, मछली पालन, कृषि, उद्यानिकी जैसे क्षेत्र में अवसर उपलब्ध कराने की मुहिम जारी है। रोजगार मूलक शिक्षा और औद्योगिक विकास से ही क्षेत्र में रोजगार के अवसर पैदा किया जा सकता है। मैं निरंतर इसी प्रयास में लगा हुआ हूँ। 

अपने दिल्ली दौरे का उल्लेख करते हुए पूर्व मंत्री ने बताया कि देश और प्रदेश के बजट सत्र से पहले मैंने कई केन्द्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर अपने क्षेत्र की समस्या बता उसके निदान का आग्रह किया। उन्होंने अपने आलोचकों से कहा कि आप अपना काम करते रहे, लेकिन हमारे इन प्रयासों से आगे चलकर आपके बच्चों का भविष्य उज्जवल होगा। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस, सहकारिता नेता निर्मल चन्दकर ने भी अपनी बात कही। इस अवसर पर पूर्व नपं अध्यक्ष ज्योति भानु चन्दकर, मालकराम, श्याम साहू, कुलेश्वर चन्दकर, कृष्णकांत साहू, आनंद गांधी, सतीश जैन, रामस्वरूप साहू, थानेश्वर तारक, विक्रम बंजारे, बैंक प्रबंधक टीके बैस सहित पार्टी नेता, कार्यकर्ता किसान एवं सहकारिता, बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
 


अन्य पोस्ट