धमतरी

एक हफ्ते बाद शुरू हुआ केंद्रों से धान का उठाव
24-Nov-2024 2:24 PM
एक हफ्ते बाद शुरू हुआ केंद्रों से धान का उठाव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 24 नवंबर।
जिले में हफ्तेभर बाद सोसाइटियों से धान का उठाव शुरू हुआ है। नगरी और सांकरा में बफर लिमिट से ज्यादा धान एकत्रित हो गया। जाम की स्थितियों को लेकर 22 नवंबर को आनन-फानन में परिवहन अनुबंध किया। तत्काल उठाव के लिए आदेश जारी कर दिया। पहले दिन 23 नवंबर को 16 ट्रक धान भोयना संग्रहण केन्द्र में पहुंचाया गया। 
डीएमओ सुनील सिंह राजपूत ने बताया कि धान का उठाव शुरू हो गया है। पहले दिन 16 ट्रकों में 5120 क्विंटल धान भोयना संग्रहण केन्द्र पहुंचाया गया।

जिले के 100 खरीदी केन्द्रों में समर्थन मूल्य में अब तक 13 हजार 711 किसानों ने अपना धान बेच दिया है। सोसाइटियों में अब तक 5 लाख 95 हजार 367 क्विंटल धान की खरीदी हो चुकी है। धान खरीदी के बाद कई सोसाइटियों में जाम लग गया था। विपणन संघ ने खरीदे गए धान को संग्रहण केन्द्र तक पहुंचाना शुरू कर दिया है। परिवहनकर्ताओं से अनुबंध के तत्काल बाद उठाव के लिए आदेश भी जारी कर दिया गया।

इधर, जिले में भोयना, जंवरगांव, चिटौद व भाठागांव फड़ में 2 साल बाद धान का संग्रहण होने जा रहा है, जिससे मजदूरों को अब काम मिलेगा। दो साल तक पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने राइस मिलरों को सीधे कस्टम मिलिंग में चावल सोसाइटियों से दिया गया। इस कारण संग्रहण केंद्रों तक धान नहीं पहुंच पा रहा था। अब तक ग्रामीण मजदूरों के साथ ही परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों को काम मिलेगा।

कोचिया से 16 कट्टा धान जब्त
ब्लॉक स्तरीय उडऩदस्ता दल ने देमार में दबिश देकर जीवराखन पटेल के प्रतिष्ठान की आकस्मिक जांच की। जांच में 16 कट्टा (18.40 क्विंटल) अवैध धान का भंडारण पाए जाने पर उनके विरूद्ध मंडी अधिनियम 1972 के तहत प्रकरण दर्ज कर 16 कट्टा (18.40 क्विंटल) अवैध धान जब्त किया गया है। जिले में यह 11वीं कार्रवाई है। इसके पहले अब तक 759 क्विंटल अवैध धान पकड़ा जा चुका है।
 


अन्य पोस्ट