धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 24 नवंबर। नगरी एसडीओपी कार्यालय में पदस्थ सहायक आरक्षक को 3 अज्ञात बदमाशों ने रोका और जेब में रखे रुपए को लेने के बाद उसे चाकू मार दिया। उसे नगरी अस्पताल में लाकर भर्ती किया गया। घटना शनिवार की शाम 6 बजे की है।
एसडीओपी नगरी कार्यालय में सहायक आरक्षक के रूप में गैंदराम मरकाम (32) पदस्थ है। शाम को वह अपनी बाइक से घर लौट रहा था, तभी नगरी थाना से करीब 400 मीटर दूर कर्राघाटी के पास बाइक सवार नकाबपोश 3 युवकों ने उन्हें रोक लिया। चाकू दिखाकर उससे रुपयों की मांग की। पहले तो सहायक आरक्षक ने विरोध किया, फिर बाद में जेब में जितना रुपए था, दे दिया। इसके बाद युवकों ने उससे दुव्र्यवहार करते हुए सहायक आरक्षक के कमर के नीचे हिस्से में चाकू मार दिया। इसके बाद नकाबपोश तीनों युवक भाग गए।
राहगीरों की मदद से घायल सहायक आरक्षक गैंदराम को नगरी सिविल अस्पताल लाया गया, जहां उन्हें चार टांका लगा। अस्पताल में उनका उपचार जारी है। घटना के बाद पुलिस पतासाजी में जुट गई है।


