धमतरी

3 दिसंबर से शुरू होगा युवा उत्सव, 13 विधाओं में कार्यक्रम करने 30 तक पंजीयन
23-Nov-2024 2:20 PM
3 दिसंबर से शुरू होगा युवा उत्सव,  13 विधाओं में कार्यक्रम करने  30 तक पंजीयन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 23 नवंबर।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा युवा उत्सव का आयोजन 3 दिसंबर से किया है। ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर कार्यक्रम होगा। इसमें 13 सांस्कृतिक विधाएं जैसे सामूहिक लोकनृत्य, सामूहिक लोकगीत, व्यक्तिगत लोकनृत्य, व्यक्तिगत लोकगीत, कहानी लेखन, चित्रकला, वाक्तृत्व कला/तात्कालिक भाषण, कविता, विज्ञान मेला, हस्तशिल्प, टेक्सटाईल, कृषि उत्पाद और रॉकबैंड(केवल जिला एवं राज्य स्तर पर) शामिल किया गया है।

ब्लॉक स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन 3 से 6 दिसंबर तक किया जाएगा। 3 दिसंबर को इंडोर स्टेडियम आमातालाब धमतरी, 4 दिसंबर को अटल बिहारी बाजपेयी स्टेडियम कुरूद, 5 दिसंबर को शासकीय उमावि भैंसमुंडी, मगरलोड और 6 दिसंबर को श्रृंगी ऋषि शासकीय उमावि नगरी में कार्यक्रम होगा। इसके लिए संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया है। ब्लॉक स्तरीय युवा उत्सव प्रतियोगिता का पंजीयन संबंधित मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत एवं ब्लाक शिक्षा अधिकारी कार्यालय, खेल एवं युवा कल्याण रुद्री के कार्यालय में कराया जा सकता है। माई भारत युवा पोर्टल में रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। इच्छुक प्रतिभागी पंजीयन फॉर्म के साथ दो फोटो, जाति, निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, बैंक पासबुक और जरूरी दस्तावेज की छायाप्रति के साथ 30 नवंबर तक आवेदन कर सकते हैं।

13 को होगा जिला स्तरीय 
जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन 13 दिसंबर को इंडोर स्टेडियम आमातालाब धमतरी में होगा। कलेक्टर नम्रता गांधी ने जिला स्तरीय आयोजित समिति का गठन किया है। इसकी अध्यक्ष कलेक्टर होंगी। इसके साथ ही समिति के नोडल अधिकारी जिला पंचायत सीईओ और सहायक नोडल अधिकारी जिला खेल अधिकारी होंगे।

समिति में सदस्य पुलिस अधीक्षक, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व धमतरी, आयुक्त नगर निगम, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला परिवहन अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी आदि होंगे। 

 


अन्य पोस्ट