धमतरी
पोर्टल व वेबसाइट बंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 18 नवंबर। वार्डों व गांवों में शिविर लगाकर 2 लाख 37 हजार 821 हितग्राहियों के राशनकार्ड का नवीनीकरण किया जाना था। इसमें से जनवरी से 31 अक्टूबर तक 2 लाख 34 हजार 910 हितग्राहियों के राशनकार्ड का नवीनीकरण किया। इसके लिए सरकार ने 5 से 6 बार तारीख भी बढ़ाई। इसके बाद भी 2 हजार 911 हितग्राहियों ने कार्ड का नवीनीकरण नहीं कराया है। उनकी सूची विभाग तैयार कर रहा है, साथ ही नवीनीकरण नहीं कराने वाले हितग्राहियों की जांच भी की जाएगी।
खाद्य निरीक्षक नरेश पिपरे ने कहा कि धमतरी जिले में राशन कार्ड नवीनीकरण कराने के लिए वेबसाइट बंद कर दिया गया है। अब नवीनीकरण नहीं हो रहा है। नवीनीकरण नहीं कराने वाले 2911 हितग्राहियों के नाम से नवंबर महीने में राशन आबंटन भी हुआ है। इसकी जांच की जाएगी। ई-केवाईसी नहीं कराने वाले अब तक 7 हजार सदस्यों के नाम राशनकार्ड से हटाए जा चुके हैं। करीब डेढ़ साल से राशनकार्ड का आधार कार्ड से लिंक करने के लिए ई-केवाईसी किया जा रहा था। ई-केवाईसी नहीं कराने वाले हितग्राहियों की पड़ताल की गई, तब ज्यादातर मृतकों के नाम सामने आए। इसके अलावा कई लोग धमतरी में निवासरत नहीं हैं, इनके नाम से चावल आबंटन हो रहा था। ऐसे लोगों की सूची तैयार कर जांच पड़ताल की गई। इसके बाद नाम काटा गया। महीने भर से नाम हटाने की कार्रवाई की गई, 7 हजार हितग्राहियों के नाम हटाए गए हैं।


