धमतरी

पहले दिन 500 में से 64 फीसदी अभ्यर्थी अनुपस्थित, आरक्षक बनने 180 आवेदकों ने लगाई दौड़
17-Nov-2024 3:41 PM
पहले दिन 500 में से 64 फीसदी अभ्यर्थी अनुपस्थित, आरक्षक बनने 180 आवेदकों ने लगाई दौड़

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

धमतरी, 17 नवंबर। छत्तीसगढ़ में आरक्षक के 5967 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शनिवार को शुरू हुई। रुद्री स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में 4 जिले धमतरी, महासमुंद, गरियाबंद और बलौदाबाजार समेत एकेडमी, रेल के खाली 683 पदों के लिए 68 हजार अभ्यर्थियों की परीक्षा होगी। भर्ती प्रक्रिया के प्रथम दिन 16 नवंबर को 500 आवेदकों को बुलाया था, लेकिन 64 प्रतिशत यानि 320 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। बाकी 180 अभ्यर्थियों की परीक्षा दिनभर चली।

23 दिसंबर तक चलने वाली इस भर्ती प्रक्रिया में शारीरिक दक्षता के 5 इवेंट होंगे। इनमें ऊंची कूद, लंबी कूद, गोला फेंक, 100 मीटर और 800 मीटर दौड़ की परीक्षा होगी। जो अभ्यर्थी चयनित होंगे, उनकी लिखित परीक्षा होगी। फिर रिजल्ट जारी होंगे। करीब 38 दिन यह प्रक्रिया चलेगी। अभ्यर्थियों को तिथि वार बुलाया है। एक दिन में न्यूनतम 500 व अधिकतम 2400 तक अभ्यर्थी पहुंचेंगे। 17 नवंबर को 750 अभ्यर्थियों को बुलाया गया है। पुलिस आरक्षक संवर्ग भर्ती परीक्षा के अध्यक्ष व एसपी आंजनेय वार्ष्णेय ने बताया कि भर्ती परीक्षा के पहले दिन 16 नवंबर को 500 में से 180 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। अभ्यर्थियों के सभी दस्तावेजों की छानबीन, परीक्षण के बाद शारीरिक नापजोख हुई। पुलिस आरक्षक की भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी है। गड़बड़ी रोकने चिप सिस्टम, सीसीटीवी सहित कंप्यूटराइज्ड की जा रही है। उन्होंने कहा कि भर्ती पूरी तरह कम्प्यूटरीकृत है। अभ्यर्थी किसी के भी झांसे में न आएं।

4 जिले के लिए 683 पद, 69 हजार आवेदन

जिला-                                  पद

धमतरी-                                              108

बलौदाबाजार-                      98

गरियाबंद-                           186

महासमुंद-                                           92

रायपुर रेल-                          109

एमटी पुल-                           48

नेताजी सुभाष एकेडमी-      22

माना पीटीएस-                    20

अभ्यर्थियों के लिए गाइडलाइन- एडमिट कार्ड और सभी प्रमाण पत्रों की मूल प्रति के साथ छायाप्रति होना जरूरी है। एक पहचान पत्र जरूरी है, जिसके जरिए अभ्यर्थी को भर्ती ग्राउंड में प्रवेश मिलेगा। ग्राउंड के अंदर अभ्यर्थी का मोबाइल लाना या उपयोग करना सख्त वर्जित है। भर्ती केन्द्र में अभ्यर्थी के अतिरिक्त अन्य किसी भी व्यक्ति, रिश्तेदार का उपस्थित रहना पूर्णत: वर्जित है।

25 नवंबर से वन रक्षक

की शुरू होगी भर्ती

25 नवंबर से वन रक्षक के खाली 72 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। यह परीक्षा आमा तालाब रोड स्थित इंडोर स्टेडियम में है। डीएफओ श्रीकृष्ण जाधव ने बताया कि वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग में वनरक्षक के 1484 पदों पर सीधी भर्ती के लिए वर्ष 2023-24 में आवेदन पत्र आमंत्रित किए थे। भर्ती प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों की 200 व 800 मीटर दौड़, गोला फेंक व ऊंची कूद होगी। कुल 31 हजार आवेदन 72 पदों के लिए है। 23 पद सीतानदी-उदंती टाइगर रिजर्व व 49 पद धमतरी वन विभाग के हैं। पुलिस भर्ती प्रक्रिया की तरह ही पारदर्शी वनरक्षक की भर्ती प्रक्रिया चलेगी।


अन्य पोस्ट