धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 10 नवंबर। नगर निगम स्कूल के बाजू में संचालित सोना-चांदी दुकान से 90 हजार के गहने चोरी हो गए। पुलिस आरोपियों को ढूंढने सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। चोरी की रिपोर्ट शनिवार को नयापारा वार्ड निवासी प्रवीण वर्मा ने कोतवाली थाने में दर्ज करवाई है।
उन्होंने बताया कि राधेकृष्ण नाम से रिसाईपारा में नगर निगम स्कूल के बाजू में ज्वेलरी शॉप है। 8 नवंबर की रात 3 बजे पड़ोसी सौरभ लिखी ने फोन कर बताया कि दुकान का शटर आधा खुला है। दुकान पहुंचा तो सामान बिखरा था। पायल, बिछिया, लॉकेट, बाजूबंद, चाबी गुच्छा, विभिन्न प्रकार की पूजा सामग्री 1 पैकेट के अलावा अन्य जेवर मिलाकर 95 हजार की चोरी हुई है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ एफआईआर की है।
बताया जाता है कि शहर में बिना मुसाफिरी दर्ज कराए बाहरी लोग बड़ी संख्या में रह रहे हैं। बर्तन-प्लास्टिक का सामान बेचने वाले अनजान चेहरे भी स्लम बस्तियों से लेकर पॉश कॉलोनियों में दिख रहे हैं, लेकिन पुलिस दीगर राज्यों से आने वालों की पड़ताल कर नहीं रही है।


