धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 28 अक्टूबर। जिले में ग्रीष्मकालीन धान के बदले दलहन-तिलहन लेने के लिए किसानों को प्रोत्साहित करने विशेष शिविर लगाया जा रहा है। 27 अक्टूबर को जिले के चारों ब्लॉक में शिविर लगाया गया। अवकाश के दिन फसल चक्र परिवर्तन के लिए लोन देने बैंक खुले रहे। धमतरी के सहकारी समिति लोहरसी, तरसींवा और देमार के पीपरछेड़ी, परसतराई एवं रांवा में शिविर लगाया गया। कुरुद ब्लॉक के सहकारी समिति कोर्रा व भखारा अंतर्गत ग्राम सौराबांधा, रामपुर, बगदेही, गातापार और मगरलोड ब्लॉक के सहकारी समिति मोहंदी, बेलरदोना, भेंडरी, करेली बड़ी के संबंधित ग्राम, नगरी ब्लॉक के फरसिया, साकरा, घुटकेल समितियों के बोडरा, भोथली, घुटकेल और कसपुर में शिविर लगाया गया।
27 अक्टूबर को आयोजित शिविर में 336 किसानों का 511 हेक्टेयर रकबा का ऋण प्रकरण तैयार किया गया। इसकी राशि एक करोड़ 79 लाख रुपए है। उप संचालक कृषि मोनेश साहू ने बताया कि जिले में अब तक 1568 किसानों के 1550 हेक्टेयर रकबा में दलहन, तिलहन, नगदी फसल के लिए 2 करोड़ 69 लाख रुपए का ऋण प्रकरण तैयार किया गया है। किसान बड़े उत्साह से दलहन-तिलहन और नगदी फसल के लिए बीज भी ले जा रहे हैं। शिविर में राजस्व, कृषि, सहकारिता विभाग, सहकारी बैंक सहित संबंधित अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।


