धमतरी
धमतरी, 26 अक्टूबर। शहर के आदतन बदमाश मनीष उर्फ मनी रोकड़ा को पुलिस ने जिलाबदर कर दिया है। एसपी की अनुशंसा पर कलेक्टर ने यह जिलाबदर की कार्रवाई की। बदमाश मनीष रोकड़ा अपने गले में मशीन से अपराधी लिखवाया है। साल 2024 में जिला बदर कार्रवाई के लिए 11 प्रकरण पेश किए हैं। इसमें से 5 बदमाशों के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई हो चुकी है।
कोतवाली टीआई राजेश मरई ने बताया कि हटकेशर वार्ड देवांगन चौक निवासी मनीष साहू उर्फ मनी रोकड़ा के खिलाफ बीते कुछ वर्षों से लगातार गुंडागर्दी, जान से मारने की धमकी देने, चोरी व आम्र्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज हुए है। पुलिस हर बार कार्रवाई की, लेकिन अपराध में कोई बदलाव नहीं आया।
कलेक्टर व जिला दंडाधिकारी धमतरी नम्रता गांधी ने पुलिस अधीक्षक धमतरी आंजनेय वाष्र्णेय की अनुशंसा पर आदतन अपराधी मनीष साहू उर्फ मनी रोकड़ा को एक वर्ष के लिए जिलाबदर कर दिया है।
धमतरी समेत पड़ोसी जिला रायपुर, बालोद, कांकेर, गरियाबंद, दुर्ग, कोंडागांव की सीमाओं से उन्हें हटने चेताया है। इसके अतिरिक्त पूर्व में 4 अन्य आदतन बदमाशों के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई हुई है।


