धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 21 अक्टूबर। धमतरी-बोरसी स्टेट हाईवे पर सलोनी के पास हाईवा ने 3 स्कूली छात्रों को रौंदा। इसमें 2 की मौत हो गई, जबकि तीसरे की हालत गंभीर है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने साढ़े 8 घंटे हाईवे पर चक्काजाम रखा। दोनों के शव रखकर 3 घंटे प्रदर्शन भी चला। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने संवेदना व्यक्त की और 4-4 लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा की है।
केरेगांव थाना क्षेत्र के सलोनी स्थित झरझरा नाले के पास रविवार को सुबह 5.30 बजे यह सडक़ हादसा हुआ। सलोनी निवासी नीरज ध्रुव (12), योगेन्द्र यादव (11) अपने एक अन्य दोस्त के साथ सुबह 5 बजे मार्निंग वॉक पर निकला था। तीनों दोस्त नाले के पास खड़े थे। इसी बीच जंवरगांव की ओर से बेकाबू हाईवा सीजी 07 सीसी-9021 रेत भरने लड़ेर की ओर जा रहा था। उसने तीनों छात्रों को कुचल दिया। कक्षा 6वीं के छात्र योगेन्द्र यादव की तुरंत मौत हो गई। शव क्षत-विक्षत हो गया, जबकि 7वीं के छात्र नीरज ध्रुव की अस्पताल में मौत हुई। तीसरा साथी झम्मन यादव (17) अस्पताल में भर्ती है। हादसे के बाद ग्रामीणों ने सडक़ जाम कर दी।
पोस्टमार्टम कराकर दोनों के शव दोपहर 1 बजे गांव लाए गए। सडक़ पर दोनों बच्चों के शव 3 घंटे तक रखकर हंगामा किया। शाम करीब 4 बजे प्रदर्शन खत्म हुआ। अपर कलेक्टर जीआर मरकाम से घंटों चर्चा के बाद ग्रामीणों का आंदोलन खत्म हुआ। फिर परिजन और ग्रामीणों ने शवों का अंतिम संस्कार किया।
पानी टंकी में डूबने से डेढ़ साल के बच्चे की मौत
पानी की टंकी में डूबने से डेढ़ साल के बच्चे की मौत हो गई। अस्पताल चौकी पुलिस के मुताबिक घटना खरतुली की है। योगेश्वर साहू ने पुलिस को बताया कि वह रविवार को सुबह मजदूरी करने घर से निकल गया था। घर में पत्नी व मां थी। सुबह करीब 8.30 बजे डेढ़ साल का बेटा युवांश घर में खेल रहा था। इसी बीच बाड़ी तरफ चला गया। पानी की टंकी में वह डूब गया। परिजन निकालकर तुरंत जिला अस्पताल लेकर आए। जहां डॉक्टरों ने सुबह 9.25 बजे मृत घोषित कर दिया।


