धमतरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 20 अक्टूबर। जिले में लगातार गिरते भू-जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन फसल चक्र परिवर्तन पर जोर दे रहा है। इसके तहत रबी सीजन में दलहन-तिलहन की खेती करने के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। कलेक्टर नम्रता गांधी की पहल पर किसानों की मनोस्थिति में परिवर्तन लाने किसानों से चर्चा, उनको प्रशिक्षण और दलहन तिलहन की खेती से होने वाले लाभों को बताने के लिए शिविर भी लगाए जा रहे हैं।
किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत ना हो, इसके लिए फसल ऋण भी उपलब्ध कराया जा रहा है। धमतरी जिले में किसानों को रबी सीजन के लिए फसल लोन दिया जा रहा है। जिले के 356 किसानों ने अपने नजदीकी सोसाइटियों में ऋण के लिए आवेदन किया है, जिनका कुल रकबा 321.81 हेक्टेयर है। इन आवेदक किसानों का 89 लाख रुपए स्वीकृत किए हैं। कृषि उपसंचालक मोनेश साहू ने बताया कि मसूर व उड़द फसलों की खरीदी न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जाएगी। इसके अलावा अन्य रबी फसलों का विक्रय किसान ई-एनएएम व ई- समृद्धि पोर्टल में पंजीयन के बाद कर सकते हैं। इसके साथ ही किसान उद्यानिकी फसलों के लिए भी ऋण ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि राज्य स्तरीय बीज विक्रय दर निर्धारण समिति द्वारा अनुमोदित रबी सीजन 2024-25 के लिए अनाज, दलहन एवं तिलहन के प्रमाणित बीजों के विक्रय दर निर्धारित किया गया है।
प्रमाणित बीजों के विक्रय के लिए दर निर्धारित
उप संचालक कृषि मोनेश साहू ने बताया कि मसूर एवं उड़द फसलों की खरीदी न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जाएगी, इसके अलावा अन्य रबी फसलों का विक्रय किसान इ -एनएएम एवं ई - समृद्धि पोर्टल में पंजीयन पश्चात कर सकते हैं। इसके साथ ही किसान उद्यानिकी फसलों के लिए भी ऋण ले सकते हैं। राज्य स्तरीय बीज विक्रय दर निर्धारण समिति द्वारा अनुमोदित रबी सीजन 2024-25 हेतु अनाज, दलहन एवं तिलहन के प्रमाणित बीजों के विक्रय दर निर्धारित किया गया है। जिसमें रबी 2024-25 कृषकों को विक्रय हेतु गेंहू ऊंची समस्त किस्मों के लिए प्रति क्विंटल दर रूपए 3910, गेंहू बौनी 10 वर्ष के अंदर के लिए 3670 रूपए और 10 वर्ष से बाहर के लिए 3870 रूपए दर निर्धारित किया गया है। चना 10 वर्ष के अंदर के लिए 8665 रुपए और 10 वर्ष से बाहर के लिए 9085 रूपए निश्चित है। मटर की समस्त किस्मों के लिए 9550 रूपए, मसूर के लिए 10 हजार रुपए , मूंग के लिए 11500 रुपए, उड़द के लिए 12600 रुपए , तिवडा के लिए 6120 रुपए , सरसों 7770 रुपए , अलसी के लिए 9765 रूपए, कुसुम 8760 रुपए और मूंगफल्ली के लिए 10795 रुपए प्रति क्विंटल दर निर्धारित की गयी है। जिले के किसान उन्नत किस्म के बीज इन दरों पर क्रय कर सकते है।