धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी,19 अक्टूबर। संबलपुर के पास पुलिस जवानों से भरी यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त हुई। इस घटना में 17 पुलिस जवान को चोट आई। इनमें से 2 को रायपुर रेफर किया है। अर्जुनी पुलिस ने इस मामले में ट्रक चालक के खिलाफ एफआईआर की।
अर्जुनी टीआई सन्नी दुबे ने बताया कि बस सीजी 08 - एम 0565 का चालक बुधरा वंजामी है। उसने बताया कि बस पुलिस विभाग में अधिग्रहण में है। 16 अक्टूबर को पुलिस प्रशिक्षण केंद्र माना रायपुर से जिला सुकमा के पुलिस जवानों को अपनी बस से सुकमा लेकर जा रहा था। दोपहर करीब 2.30 बजे संबलपुर के पास पहुंचा था, तभी बस के सामने ट्रक क्रमांक एपी 31 टीएच 7695 जा रहा था। ट्रक चालक ने लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाते हुए बिना कोई संकेत व अथवा सामने सडक़ में बिना कोई संकेत के अचानक बीच सडक़ में रोक दिया, जिससे बस टकरा गई। हादसे में उसके दाहिने पैर के घुटने में चोट आई है। साथ ही बस में सवार महिला प्रधान आरक्षक पूर्णिमा कोड़ोपी, बस का हेल्पर महादेव दिरदो रानीबहाल छिंदगढ़ व अन्य जवानों को चोट आई। पूर्णिमा कोड़ोपी व हेल्पर महादेव का रायपुर एम्स में इलाज जारी है। इस मामले में पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ एफआईआर कर घटना की जांच कर रही है।


