धमतरी

स्कूल परिसर में बदमाशों ने पीटा
18-Oct-2024 8:08 PM
स्कूल परिसर में बदमाशों ने पीटा

विद्यार्थियों-शिक्षकों ने पुलिस चौकी घेरा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 18 अक्टूबर। स्कूल पढऩे आए छात्र से शराब मंगवाने की बात को लेकर मारपीट करने और बीच बचाव करने वाले शिक्षकों पर चाकू से हमला करने वाले बदमाशों की दादागिरी से परेशान विद्यार्थी एवं शिक्षकों ने स्कूल गेट में तालाबंदी कर पुलिस चौकी का घेराव कर दिया। पुलिस फरार आरोपियों को पकडऩे जगह-जगह छापेमारी कर रही है। पालकों ने आज गांव में बैठक कर अपराधियों के आतंक से मुक्ति दिलाने की मांग उठाई है।

कुरुद जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत मडेली में 16 अक्टूबर को घटित इस घटना के मुताबिक शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कक्षा 12वीं में पढऩे वाले कृष्णकुमार पाल लंच टाइम पर लोकेश ध्रुव एवं अन्य साथियों के साथ स्कूल के सामने दुकान में मिक्चचर खरीदने गया था। तभी मडेली का गजेंद्र उर्फ बिट्टा और राहुल साहू ने छात्रों को शराब लाने के लिए बोला। मना करने पर अश्लील गाली-गलौज देते हुए जान से मारने की धमकी देते हुए मेरी बात नहीं मानोगे, कहकर मारपीट करने लगा। जिससे घबराएं छात्र लोकेश ने शिक्षकों को खबर दी। बीच बचाव करने आये शिक्षक हीरालाल साहू, रुस्तम सिंह से भी बदमाशों ने  गली गलौज कर मारपीट करने लगे। इस बीच राहुल साहू ने अपने पास रखे धारदार चाकू जैसे नुकीले हथियार से लोकेश ध्रुव के बाएं हाथ में चोट पहुंचाया। उसने शिक्षक हीरालाल साहू से भी मारपीट की।

स्कूल परिसर में हुई इस घटना से घबराये शिक्षक एवं विद्यार्थियों ने गुरुवार को स्कूल में तालाबंदी कर पुलिस चौकी बिरेझर पहुंचे और नारेबाजी करते हुए घेराव कर दिया। तब पुलिस धारा 296 (ख), 115 (2), 351(2),3(5) बीएनएस का प्रकरण पंजीबद्ध कर फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। स्कूल में इस तरह की घटना की खबर से चिंतित ग्रामीणों ने शुक्रवार को गांव में बैठक कर आरोपी नामी बदमाश गजेंद्र उर्फ बिट्टा और राहुल साहू के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

इस मामले में चौकी इंचार्ज चन्द्रकांत साहू ने बताया कि घटना के बाद से फरार दोनों आरोपियों को पकडऩे अलग-अलग टीम को लगाया गया है। जल्दी ही आरोपी सलाखों के पीछे नजऱ आएंगे।


अन्य पोस्ट