धमतरी

40 फीट के रावण का दहन, नाभि पर बाण लगते हुए उगला आग
13-Oct-2024 2:45 PM
40 फीट के रावण का दहन, नाभि पर बाण लगते हुए उगला आग

छत्तीसगढ़ संवाददाता 

 धमतरी, 13 अक्टूबर। असत्य पर सत्य की जीत का उत्सव विजयादशमी 12 अक्टूबर को मनाया गया। गौशाला मैदान में 40 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन हुआ। प्रभु श्रीराम के धनुष से छोड़ा बाण नाभि चक्र में जैसे ही लगा, रावण का पुतला मुंह से आग उगलने लगा। रावण के सिर से पटाखे की जोरदार आवाज भी निकली। शानदार आतिशबाजी हुई। कोलियारी के कलाकारों ने रामलीला की प्रस्तुति दी। प्रभु श्रीराम और रावण के बीच युद्ध के पहले जनप्रतिनिधियों का उद्बोधन हुआ।

विधायक ओंकार साहू, महापौर विजय देवांगन, निगम सभापति अनुराग मसीह, भाजपा प्रदेश महामंत्री रामू रोहरा, नेता प्रतिपक्ष नरेंद्र रोहरा, रंजना साहू, इंदर चोपड़ा, गुरुमुख सिंह होरा, हर्षद मेहता, अर्चना चौबे, डॉ. एनपी गुप्ता ने संबोधित किया। जिला प्रशासन की ओर से अपर कलेक्टर जीआर मरकाम ने लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई।

आतिशबाजी ने बनाया दशहरा पर्व को खास

असत्य पर सत्य की जीत के प्रतीक दशहरा पर्व को खास बनाने के लिए इस साल निगम प्रशासन ने आतिशबाजी पर खासा ध्यान दिया। छोटे बच्चों से लेकर बड़े-बुजुर्गों और महिलाओं को आतिशबाजी में 5 सितारा चक्कर, बिन बादल बरसात, नौरंग चक्कर सूरजमुखी, गुब्बारा साउंड, गोल्डन सेहरा, झाड़ू झरना, झूला चक्र, कैलाश मण्डल, नूरानी सेहरा, चंदन हार, नीली बरसात ने खूब लुभाया।


अन्य पोस्ट